LOADING...
CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की तैयारी में विपक्ष, संसद में ला सकता है नोटिस
विपक्ष CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नया नोटिस लाने की तैयारी में है

CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की तैयारी में विपक्ष, संसद में ला सकता है नोटिस

लेखन आबिद खान
Apr 19, 2026
09:29 am

क्या है खबर?

महिला आरक्षण विधेयक पर संसद में मिली जीत के बाद विपक्ष अब मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है। विपक्ष एक बार फिर उन्हें पद से हटाने के लिए संसद में नया नोटिस लाने की तैयारी कर रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि विपक्षी INDIA गठबंधन की पार्टियां इस पर मंथन कर रही हैं और नए मसौदे पर काम शुरू हो चुका है।

रिपोर्ट

5 वरिष्ठ सांसद तैयार कर रहे मसौदा- रिपोर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC), समाजवादी पार्टी और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के कम से कम 5 सांसद नए नोटिस का मसौदा तैयार करने में जुटे हैं। सूत्रों ने बताया कि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि नोटिस किस सदन में पेश किया जाएगा। विपक्षी नेता नोटिस पर ज्यादा से ज्यादा सांसदों के हस्ताक्षर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रख रहे हैं। कम से कम 200 सांसद जुटाने की कोशिश हो रही है।

पिछला प्रस्ताव

खारिज हो गया था पिछला नोटिस

पिछले महीने विपक्ष ने ज्ञानेश को हटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा दोनों में नोटिस दिया था। 6 अप्रैल को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नोटिस खारिज कर दिया था। इस नोटिस पर लोकसभा के 130 और राज्यसभा के 63 विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे। नोटिस में ज्ञानेश पर सरकार के इशारों पर काम करने समेत कई आरोप लगाए गए थे।

Advertisement