Page Loader
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 2 जगह से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 2 जगह से चुनाव लड़ेंगे

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 2 जगह से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

लेखन गजेंद्र
Apr 17, 2024
04:40 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के साथ ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी होंगे। इसको लेकर बीजू जनता दल (BJD) के प्रमुख और प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक तैयारी में दिख रहे हैं। बुधवार को पटनायक ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 9 उम्मीदवारों की 5वीं सूची जारी कर दी है, जिसमें पटनायक का नाम भी शामिल है। पटनायक इस बार भी गंजम जिले की अपनी पारंपरिक सीट हिंजिली से लड़ेंगे। इसके साथ ही वह बोलांगीर जिले की कांटाबांजी विधानसभा सीट से भी उतरेंगे।

सूची

4 मौजूदा विधायकों का काटा टिकट

पटनायक ने अपनी 5वीं सूची में 4 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है, जिनमें चित्रकोंडा़ से पूर्ण चंद्र बाका, कुचिंडा से किशोर चंद्र नाइक, अंगुल से रजनीकांत सिंह और निमापारा से समीर रंजन दाश शामिल हैं। उन्होंने दल-बदल कर BJD में आई अरुंधति देवी को देवगढ़, दिलीप कुमार नायक को निमापारा, राजेंद्र कुमार छत्रिया को कुचिंडा और लक्ष्मीप्रिया नायक को चित्रकोंडा से टिकट दिया है। 5वीं सूची में 9 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।

चुनाव

2019 में भी 2 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़े थे पटनायक

नवीन पटनायक 2019 में भी 2 विधानसभा सीटों, हिंजिली और बिजेपुर, से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने दोनों ही विधानसभा से जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में बिजेपुर सीट छोड़ दी थी। BJD ने ओडिशा के 147 विधानसभा सीटों में से 126 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। प्रदेश में लोकसभा की 21 सीटें हैं। बता दें कि 2019 के विधानसभा चुनाव में BJD ने 112, भाजपा ने 23 और कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं।