INDIA गठबंधन में तकरार? नीतीश कुमार बोले- कांग्रेस की विधानसभा चुनावों में ज्यादा दिलचस्पी
क्या है खबर?
लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन INDIA के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी गठबंधन में प्रगति की कमी के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराते हुए तंज कसा है।
नीतीश ने कहा कि कांग्रेस INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी सदस्य है और उसे गठबंधन में 'अग्रणी भूमिका' सौंपी गई है, लेकिन वह 5 राज्यों में होने वाले चुनाव में व्यस्त है, जिसके कारण गठबंधन पिछड़ रहा है।
बयान
नीतीश क्या बोले?
पटना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की एक रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश ने ये टिप्पणी की।
उन्होंने तंज करते हुए कहा, "हम उनसे (कांग्रेस) लगातार बात करते रहे हैं। उन्हें INDIA गठबंधन में आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन हाल-फिलहाल में इस मोर्चे पर ज्यादा प्रगति नहीं हुई।"
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि कांग्रेस की दिलचस्पी 5 राज्यों के चुनावों में ज्यादा है।"
बयान
विधानसभा चुनावों के बाद ही बैठक बुलाएगी कांग्रेस- नीतीश
नीतीश ने कहा कि हम कांग्रेस को अग्रणी भूमिका सौंपने पर सहमत हुए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि वे अगली बैठक विधानसभा चुनावों के संपन्न होने के बाद ही बुलाएगी।
बता दें कि INDIA की आखिरी बैठक 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच मुंबई में हुई थी, जिसमें घोषणा की गई थी कि कांग्रेस अगली बैठकों की तारीखें तय करेगी।
अगली बैठक दिल्ली या मध्य प्रदेश में होने की चर्चा थी, लेकिन अभी तक बैठक नहीं हुई।
तकरार
कांग्रेस-SP की तरकार के बीच नीतीश ने की टिप्पणी
नीतीश की ये टिप्पणी मध्य प्रदेश चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच तकरार के बाद आई है।
हाल ही में SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि उनके मध्य प्रदेश में 6 सीटों पर चुनाव लड़ने के प्रस्ताव को खारिज किया गया है और अगर उन्हें पता होता तो वे कांग्रेस से बात ही नहीं करते।
हालांकि, उन्होंने INDIA गठबंधन में बने रहने की बात कही है।
गठबंधन
INDIA गठबंधन के संस्थापक सदस्यों में हैं नीतीश
नीतीश INDIA के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। उन्होंने ही कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ एकजुट किया था।
सभी विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाने का श्रेय नीतीश को ही जाता है। उन्होंने मई में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्होंने देशभर घुमकर विपक्षी नेताओं को एकजुट किया।
प्लस
क्या है INDIA गठबंधन?
कांग्रेस समेत देश की प्रमुख 28 विपक्षी पार्टियों ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के गठबंधन का मुकाबला करने के लिए गठबंधन किया है।
इसे उन्होंने 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायन्स' यानी 'INDIA' नाम दिया है। इसके बाद से देश में इंडिया बनाम भारत की बहस भी शुरू हो गई थी।
केंद्र की भाजपा सरकार ने कई आधिकारिक कार्यों में भारत नाम का इस्तेमाल करना शुरू किया है। हाल में NCERT ने भी अपने पाठ्यक्रम से 'इंडिया' शब्द हटा दिया।