कांग्रेस को झटका, भारत जोड़ो न्याय यात्रा में नहीं शामिल होंगे नीतीश कुमार
क्या है खबर?
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम से निकलकर पश्चिम बंगाल पहुंच चुकी है। यहां यात्रा कई जिलों से होते हुए 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी।
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे और पटना में कार्यक्रम होने के कारण वह व्यस्त रहेंगे।
इससे पहले खबर आई थी कि नीतीश 30 जनवरी को यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम मिलाएंगे और रैली में हिस्सा लेंगे।
न्याय यात्रा
बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता ने दिया था नीतीश को न्योता
ABP न्यूज के मुताबिक, बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनको यात्रा का औपचारिक न्योता दिया था।
उन्होंने नीतीश को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पत्र सौंपते हुए 30 जनवरी को पूर्णिया में होने वाली राहुल की रैली में बुलाया था।
बताया जा रहा है कि महात्मा गांधी की शहादत दिवस पर 30 जनवरी को पहले से नीतीश कुमार का कार्यक्रम तय था, जिस कारण उन्होंने मना कर दिया।
यात्रा
बिहार के 7 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
न्याय यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश करेगी और 7 जिलों से गुजरते हुए 1 फरवरी को अररिया से होते हुए झारखंड में दाखिल होगी।
यात्रा के बीच 30 जनवरी को पूर्णिया में और 31 जनवरी को कटिहार में रैली होगी। बिहार में यात्रा कुल 425 किलोमीटर सफर तय करेगी।
बता दें कि मीडिया में नीतीश कुमार के भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं।