Page Loader
मुंंबई: भाजपा नेता मोहित कंबोज समेत तीन पर FIR, 52 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप
मुंंबई: भाजपा नेता मोहित कंबोज समेत तीन पर FIR, 52 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप।

मुंंबई: भाजपा नेता मोहित कंबोज समेत तीन पर FIR, 52 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप

Jun 01, 2022
08:25 pm

क्या है खबर?

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शखा (EOW) ने बुधवार को भाजपा नेता मोहित कंबोज सहित तीन लोगों के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। कंबोज पर इंडियन ओवरसीज बैंक के 52.8 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। बैंक के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत के बाद EOW ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। हालांकि, कंबोज ने आरोपों को नकारते हुए FIR को पूरी तरह फर्जी करार दिया है।

प्रकरण

कंबोज के खिलाफ क्या लगाया गया है आरोप?

EOW अधिकारियों के अनुसार, बैंक प्रबंधक ने आरोप लगाया कि कंबोज और उनके साथी सिद्धांत बांगला और जितेंद्र कपूर ने साल 2010 से पहले एक कंपनी खोली थी। इस कंपनी के लिए तीनों ने साल 2011 से 2015 के बीच बैंक से 52.8 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। आरोप है कि कंबोज ने जिस कारण से ऋण लिया था उसका इस्तेमाल उसी काम के लिए नहीं किया। उन्होंने ऋण का दूसरी जगह इस्तेमाल कर पूरी राशि को डूबो दी।

जानकारी

कंबोज के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज की गई है FIR

EOW अधिकारियों ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत के आधार पर कंबोज और दो सहयोगियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।

खारिज

कंबोज ने आरोपों का किया खंडन

इधर, कंबोज ने लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मुझे पता चला है कि मुंबई पुलिस ने मेरे खिलाफ FIR की है। एक पुरानी कंपनी जो 2017 में बंद हो गई, उसके पुराने बैंक मुद्दों को निकालकर मुझ पर FIR की गई है। यह पूरी तरह से फर्जी है।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार ऐसा कर मेरी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं है।'

इंसाफ

कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हूं- कंबोज

कंबोज ने ट्वीट किया, 'यह संजय राऊत का बदला है या नवाब मलिक का। मैं इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हूं। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मुझे पता है कि सीपी संजय पांडे के इशारे पर मेरे खिलाफ फर्जी शिकायत दर्ज की गई है।' बता दें कि कंबोज ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता नवाब मलिक पर अंडरवर्ल्ड से संबंध होने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

पृष्ठभूमि

कंबोज के घर पर पहले भी पड़ चुका है छापा

बता दें कि पहले भी कंबोज के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जून 2020 में 57 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के मामले में पांच ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें एक ठिकाना मोहित कंबोज का घर था। उस समय मोहित कंबोज मुंबई भाजपा के महासचिव थे। CBI की टीम ने वह कार्रवाई बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की थी, लेकिन उस समय कंबोज बच गए थे।

जानकारी

BMC ने भी किया था कंबोज के घर का निरीक्षण

बता दें कि मार्च में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अवैध निर्माण के मामले की जांच के लिए कंबोज के घर का निरीक्षण किया था। उस समय भी कंबोज ने महाराष्ट्र सरकार पर गलत कार्रवाई करते हुए उन्हें फंसाने का आरोप लगाया था।

इतिहास

साल 2013 में भाजपा में शामिल हुए थे कंबोज

बता दें कि उत्तर प्रदेश निवासी कंबोज ने 2004 में मुंबई पहुंचकर अपना बिजनेस शुरू किया था। इसके बाद साल 2013 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था और 2014 के विधानसभा चुनावों में ढिंडोशी सीट से चुनाव लड़ा था। उस दौरान उन्हें शिवसेना के सुनील प्रभु से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, उसके बाद पार्टी में उनकी पकड़ मजबूत होती गई और उन्हें कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।