Page Loader
महाराष्ट्र: कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक ने मुंबई हैबिटेट में शिवसेनिकों की तोड़फोड़ का समर्थन किया
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक ने तोड़फोड़ का समर्थन किया (तस्वीर: एक्स/@PratapSarnaik)

महाराष्ट्र: कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक ने मुंबई हैबिटेट में शिवसेनिकों की तोड़फोड़ का समर्थन किया

लेखन गजेंद्र
Mar 24, 2025
07:57 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और एकनाथ शिंदे गुट के विधायक प्रताप सरनाईक ने कॉमेडियन कुणाल कामरा मामले में मुंबई हैबिटेट में शिवसैनिकों द्वारा की गई तोड़फोड़ का समर्थन किया है। उन्होंने मीडिया से कहा, "जैसी घटना कल घटी, मंत्री होने के नाते मैं उसका समर्थन नहीं करता, लेकिन मै मंत्री बाद में शिवसैनिक पहले हूं। शिवसैनिकों ने जो किया, वो इसलिए किया क्योंकि हमारी पार्टी के प्रमुख एकनाथ शिंदे के खिलाफ गलत बोलने पर शिवसैनिक माफ नहीं करेंगे।"

बयान

शिवसेना कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज होने पर पहुंचे थे थाने

राज्य परिवहन मंत्री सरनाईक सोमवार को हैबिटेट स्टूडियों में तोड़फोड़ करने के मामले में शिवसैनिकों पर हुई पुलिस कार्रवाई के सिलसिले में थाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा, "मैं पुलिस स्टेशन आया क्योंकि हमारे शिवसैनिकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी और उनको घर से लाया गया। उक्त स्टूडियो अवैध है। वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य के खिलाफ गलत टिप्पणियां की जाती हैं। इस बात की जांच होनी चाहिए कि कोई ऐसे अवैध स्टूडियो का समर्थन क्यों करेगा।"

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोले प्रताप सरनाईक

विवाद

क्या है मामला?

कामरा ने हाल में मुंबई में स्थित द यूनिकॉन्टिनेंटल होटल के अंदर बने मुंबई हैबिटेट स्टूडियो में 'नया भारत' नाम का कार्यक्रम किया था, जिसमें उन्होंने शिंदे का नाम लिए बगैर उन्हें "गद्दार" बताया। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने होटल और स्टूडियो में तोड़फोड़ की। महाराष्ट्र पुलिस ने कामरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और तोड़फोड़ मामले में 20 शिवसेना कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। मुंबई हैबिटेट स्टूडियो ने बर्बरता पर नाराजगी जताते हुए स्टूडियो बंद कर दिया है।