Page Loader
महाराष्ट्र नतीजों पर संजय राउत की आपत्ति, बोले- शिंदे गुट को नहीं मिल सकती इतनी सीटें
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव नतीजों पर शिवेसना की आपत्ति

महाराष्ट्र नतीजों पर संजय राउत की आपत्ति, बोले- शिंदे गुट को नहीं मिल सकती इतनी सीटें

लेखन गजेंद्र
Nov 23, 2024
12:16 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 के शुरूआती रूझान आना शुरू हो गए हैं और इसमें भाजपा नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है। इस पर उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के नेता संजय राउत ने आपत्ति जताई है और कुछ गड़बड़ी का शक जताया है। उन्होंने कहा, "क्या यह संभव है कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे गुट को 60, अजित पवार गुट को 45 और भाजपा को 125 सीटें मिल जाएं।"

आरोप

लाडली बहन योजना की सफलता को नकारा

राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, "यह महाराष्ट्र के लोगों का फैसला नहीं हो सकता। हम सब महाराष्ट्र के लोगों का फैसला जानते हैं।" उन्होंने लाडली बहन योजना की सफलता को नकारते हुए कहा कि राज्य में लाडले भाई, लाडले नानाजी और लाडले दादाजी भी हैं। यहां सभी लाडले हैं, हमें मालूम है। यह निर्णय जो आया है, वह जनता का नहीं है। उन्होंने कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोले संजय राउत

चुनाव परिणाम

चुनाव रूझानों में महायुति आगे 

दोपहर 12 बजे तक भाजपा के नेतृत्व वाला महायुती गठबंधन 224 सीटों पर आगे चल रहा था, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन केवल 54 सीटों पर आगे था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, शिंदे कोपरी-पचपाखड़ी से 4,053 वोटों से, फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से 2,246 वोटों से और पवार बारामती से 3,759 वोटों से आगे हैं।