थलापति विजय ने चुनावी हलफनामे में छिपाई 100 करोड़ की संपत्ति, मद्रास हाई कोर्ट का नोटिस
क्या है खबर?
तमिलनाडु की मद्रास हाई कोर्ट ने सोमवार को अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय के खिलाफ नोटिस जारी किया है, जिसमें चुनावी हलफनामे में 100 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति का खुलासा न करने का आरोप है। मुख्य न्यायाधीश एसए धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति अरुल मुरुगन की पीठ ने तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) के प्रमुख के साथ चुनाव आयोग, आयकर विभाग पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र और त्रिची (पूर्व) निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों को भी जवाब देने को कहा है।
याचिका
क्या है आरोप?
याचिकाकर्ता वी विग्नेश ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि विजय के फॉर्म-26 हलफनामों में असंगत खुलासे हैं। आरोप है कि तिरुचि पूर्व के हलफनामे में चल संपत्तियों का मूल्य 224 करोड़ रुपये घोषित था, जबकि पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र से दायर हलफनामे में यह मूल्य 105 करोड़ रुपये दिखाया गया था। आरोप है कि पेरम्बुर हलफनामे में 100 करोड़ रुपये से अधिक के अंतर का खुलासा नहीं किया गया था। इसको लेकर कोई दस्तावेज भी नहीं है।
कोर्ट
कोर्ट ने क्या कहा?
याचिका पर सुनवाई करते हुए पीठ ने कहा, "यह अनियमितता है। एक निर्वाचन क्षेत्र में 100 करोड़ से अधिक की राशि का खुलासा नहीं किया गया है। निर्देशों के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। निजी पार्टी नोटिस प्रक्रिया के साथ-साथ निजी नोटिस भी भेजा जाएगा।" बता दें कि विजय 2024 में TVK बनाने के बाद पहली बार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 लड़ रहे हैं। उन्होंने चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचि पूर्व से नामांकन दाखिल किया है।