
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का विवादित बयान, कहा- मध्य प्रदेश की सर्वाधिक महिलाएं पीती हैं शराब
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरतालिका तीज पर विवादित बयान देकर हंगामा खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाएं भारत के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। बढ़ते नशीले पदार्थों के सेवन और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने यह दावा किया। अब भाजपा ने उनकी आलोचना करते हुए राज्य की महिलाओं को अपमानित करने का आरोप लगाया है।
बयान
पटवारी ने क्या दिया बयान?
पटवारी ने भाजपा सरकार के मादक पदार्थों के सेवन, बेरोजगारी और शासन व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा, "हमें यह संदिग्ध प्रतिष्ठा मिली है कि मध्य प्रदेश में महिलाएं किसी अन्य राज्य की तुलना में अधिक शराब का सेवन करती हैं। भाजपा के तथाकथित समृद्ध मध्य प्रदेश के सपने के तहत यह स्थिति है।" उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर मादक पदार्थों के सेवन पर अंकुश लगाने में विफल रहने का भी आरोप लगाया।
ट्विटर पोस्ट
यहां सुने जीतू पटवारी का पूरा बयान
Bhopal, Madhya Pradesh: Congress State President Jitu Patwari says, "If your son is unemployed and comes home under the influence of drugs, I say with full confidence that the responsibility lies with the BJP, Shivraj Singh Chouhan, and Mohan Yadav. Madhya Pradesh has earned the… pic.twitter.com/mxD8Ya3bQz
— IANS (@ians_india) August 26, 2025
निंदा
मुख्यमंत्री यादव ने की बयान की निंदा
मुख्यमंत्री यादव ने पटवारी की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "कांग्रेस ने इस राज्य की लाडली बहनों को शराबी कहकर उनका अपमान किया है। मध्य प्रदेश यह बर्दास्त नहीं करेगा। जनता उन्हें इस अपमान का जवाब देगी।" उन्होंने कहा, "महिलाओं के बारे में ऐसी अपमानजनक टिप्पणी करके पटवारी ने अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। यही कांग्रेस के वास्तविक चरित्र की पहचान है। उसने और उसके नेताओं ने कभी भी महिलाओं का सम्मान नहीं किया।"
मांग
मुख्यमंत्री यादव ने की सार्वजनिक मांगी की मांग
मुख्यमंत्री यादव ने कहा, "हरतालिका तीज पर हमारी बहनों को शराबी कहना दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। जनता इस अपमान को कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और पटवारी को पद से हटाया जाना चाहिए।" भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "हमारी बहनों और बेटियों को शराबी कहना मध्य प्रदेश की 5 करोड़ महिलाओं का सीधा अपमान है। कांग्रेस को तुरंत इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।"
आलोचना
विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी की पटवारी की आलोचना
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी पटवारी की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा, "जीतू पटवारी ने एक बार फिर हमारी माताओं और बहनों का अपमान किया है और वह भी एक पवित्र त्यौहार के दिन। उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।" शर्मा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया, क्योंकि उन्होंने बार-बार महिला विरोधी बयान दिए हैं। हालांकि, कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।