मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव के परिवार ने खरीदी 168 एकड़ जमीन- रिपोर्ट
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव का परिवार उज्जैन में जमीन खरीदने मे नया कीर्तिमान गढ़ रहा है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मुख्यमंत्री यादव का परिवार और उनकी रियल एस्टेट कंपनियों ने 137 भूखंड खरीदे हैं, जो 168 एकड़ जमीन पर फैला है। इसकी कीमत 45 करोड़ रुपये में है। इनमें से अधिकांश भूखंड नई सड़क परियोजनाओं के पास या उन क्षेत्रों में हैं, जहां उज्जैन मास्टरप्लान-2035 के तहत कृषि भूमि का उपयोग आवासीय-व्यावसायिक में होना है।
जमीन
परिवार के ये सदस्य खरीद रहे जमीन
रिपोर्ट के मुताबिक, इन जमीनों को 13 दिसंबर, 2023 के बाद खरीदा गया है। इस दिन, यादव ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। ये जमीन यादव की पत्नी सीमा, उनके बेटे वैभव की पत्नी शालिनी यादव, भाई नंदलाल-नारायण यादव, नारायण की पत्नी रेखा, उनके बेटे अभय यादव और चचेरे भाई गोविंद-नीलेश यादव ने खरीदी है। सभी खरीद परिवार या परिवार द्वारा संचालित 4 रियल एस्टेट कंपनियों में से किसी एक के जरिए हुई है।
जांच
सरकारी परियोजनाओं से जुड़ी जमीनों पर नजर
रिपोर्ट के मुताबिक, जो जमीनें खरीदी गई हैं, उनमें से ज्यादातर भूखंड या तो उज्जैन और उसके आस-पास घोषित नई सड़क परियोजनाओं के पास हैं या उज्जैन मास्टर प्लान 2035 में जमीन के इस्तेमाल को खेती से बदलकर रिहायशी या व्यावसायिक करने के लिए तय किए गए इलाकों में हैं। जनवरी 2024 में मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के कुछ समय बाद ही, राज्य सरकार ने इन्हीं इलाकों में कई नई सड़क लिंक और हाईवे की घोषणा की थी।
जुड़ाव
मुख्यमंत्री बनने के बाद बढ़ी खरीदारी
उज्जैन मास्टर प्लान 2035 मई 2023 में जारी किया गया था, लेकिन यादव दशकों से इस पवित्र शहर के पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़े रहे हैं। वे 2004-2010 के दौरान उज्जैन डेवलपमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन, 2011-13 के दौरान टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPTDC) के प्रमुख और 2013 से उज्जैन (दक्षिण) से विधायक रहे हैं। दिसंबर 2023 के बाद यादव परिवार की खरीद से उनका ज़मीन का भंडार और बढ़ गया, जो यादव के मुख्यमंत्री बनने से पहले भी मौजूद था।
जांच
बेटे और बहन के पास 108 भूखंड
रिपोर्ट के मुताबिक, यादव के बेटे वैभव और बहन कलावती के पास उज्जैन और उसके आस-पास 179 एकड़ में फैले कम से कम 108 भूखंड थे। इनमें से 85 एकड़ जमीन 2021-2023 में खरीदी गई थी, जब यादव शिक्षा मंत्री थे। लेकिन मुख्यमंत्री बनते ही परिवार ने जमीन खरीदने की रफ्तार बहुत तेज कर दी। मामले पर मुख्यमंत्री यादव और उनके कार्यालय की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है।
बयान
कोई मुख्यमंत्री है तो क्या जमीन खरीदना बंद कर दें- मोहन यादव का भतीजा
यादव के चचेरे भाई गोविंद यादव के बेटे अनंत ने इसका बचाव किया है। उन्होंने बताया कि परिवार 2010 से रियल एस्टेट व्यवसाय में हैं। उन्होंने कहा, "मेरे पिता ने 100 बीघा संपत्ति विकसित की थी। निजी व्यक्तियों के रूप में, हमें किसी भी निजी भूमि को खरीदने, विकसित करने या बेचने का पूरा अधिकार है। क्या हमें ये सिर्फ इसलिए बंद कर देना चाहिए क्योंकि मुख्यमंत्री हमारे परिवार से हैं।"