LOADING...
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के निपटारे तक कुर्सी से दूर रहेंगे स्पीकर ओम बिरला
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के निपटारे तक कुर्सी से दूर रहेंगे स्पीकर ओम बिरला

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के निपटारे तक कुर्सी से दूर रहेंगे स्पीकर ओम बिरला

लेखन गजेंद्र
Feb 10, 2026
07:12 pm

क्या है खबर?

लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने फैसला किया है कि जब तक विपक्षी सांसदों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक वे कुर्सी से दूर रहेंगे और सदन की कार्यवाही में भाग नहीं लेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पीकर बिरला ने विपक्ष को संदेश देने के लिए यह नैतिक रुख अपनाया है। हालांकि, संसदीय नियमों में इसको लेकर कोई बाध्यता नहीं है। बिरला ने नोटिस पर बिना देरी किए विचार करने का आग्रह किया है।

संसद

बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही में आ सकता है प्रस्ताव

कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों के 118 सांसदों ने लोकसभा के महासचिव को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इसके बाद बिरला ने नोटिस की जांच करने और प्रक्रिया को जल्द बढ़ाने को कहा है। बताया जा रहा है कि स्पीकर को हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव को संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किया जा सकता है। बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू हो रहा है।

नियम

बिरला के इस फैसले पर क्या कहता है नियम?

संविधान के अनुच्छेद 96(1) के तहत अगर लोकसभा में स्पीकर या डिप्टी स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति सदन की अध्यक्षता नहीं कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में सदन की अध्यक्षता अन्य नेता द्वारा की जाएगी। हालांकि, इस दौरान संबंधित स्पीकर या डिप्टी स्पीकर सदन में मौजूद रह सकते हैं। कार्यवाही में भाग ले सकते हैं और बोल सकते हैं। इस दौरान उन्हें आरोपों के विरुद्ध बचाव करने का अवसर मिलता है।

Advertisement

विरोध

क्यों लाया गया अविश्वास प्रस्ताव?

विपक्ष का आरोप है कि बिरला सदन की कार्यवाही में भेदभाव करते हैं। वे सत्तापक्ष को मौका देते हैं, जबकि विपक्ष की आवाज दबाते हैं। आरोप है कि स्पीकर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने से रोका और महिला सांसदों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने का आरोप लगाया। सांसदों ने 8 सदस्यों के निलंबन पर सवाल उठाया और भाजपा सांसद को पूर्व प्रधानमंंत्रियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नहीं रोका।

Advertisement