LOADING...
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा विपक्ष, हस्ताक्षर के बाद कल देंगे नोटिस
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगा विपक्ष, हस्ताक्षर के बाद कल देंगे नोटिस

लेखन गजेंद्र
Feb 09, 2026
01:28 pm

क्या है खबर?

संसद के बजट सत्र में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब और भारत-अमेरिकी व्यापार सौदे को लेकर सोमवार को भी हंगामा जारी रहा। विपक्ष लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण की मांग कर रहा है, जबकि स्पीकर ओम बिरला नियम के अनुसार चर्चा के लिए कह रहे हैं। इसे देखते हुए लोकसभा सोमवार को 2 बार स्थगित कर दी गई। विपक्ष इससे नाराज होकर स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की योजना बना रहा है।

सदन

सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही बिना चर्चा के 2 बार स्थगित

स्पीकर ने सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू की और प्रश्न काल पर सवाल उठाने को कहा। इस बीच सांसद चर्चा की मांग पर अड़े रहे, जिसके बाद स्पीकर ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। दोपहर 12 बजे पीठासीन कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने केंद्रीय बजट पर चर्चा के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम लिया। तभी राहुल गांधी के भाषण की मांग उठी और तेन्नेटी ने सभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी।

प्रस्ताव

विपक्ष नाराज, स्पीकर पर लगाए भेदभाव करने समेत कई आरोप

विपक्षी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर बिरला पर पक्षपातपूर्ण आचरण का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए कई कारण बताए हैं। सांसदों का दावा है कि स्पीकर के फैसले लगातार सरकार के पक्ष में रहे हैं, जिससे विपक्ष को कार्यवाही में अपनी बात रखने का बहुत कम अवसर मिला है। सांसदों ने विपक्ष की महिला सांसदों को अपमानित महसूस कराने का आरोप लगाया और नेता प्रतिपक्ष को बार-बार बोलने का अवसर न देने पर नाराजगी जताई।

Advertisement

हस्ताक्षर

हस्ताक्षर शुरू, कल देंगे नोटिस

विपक्षी सांसदों ने मीडिया से कहा, "हम अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बना रहे हैं...क्योंकि हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचा है।" सोमवार को संसद की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव पर लोगों के हस्ताक्षर कराना शुरू कर दिया है। कांग्रेस सांसद मल्लू रवि का कहना है कि स्पीकर विपक्ष के साथ भेदभाव कर रहे हैं और अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर के बाद वे मंगलवार को इसको लेकर नोटिस देंगे।

Advertisement

आरोप

सरकार ने कांग्रेस पर आरोप लगाया

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को लोकसभा में बार-बार व्यवधान के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि कि विपक्ष के आचरण के कारण राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस नहीं हो सकी और स्पीकर आहत हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी जानबूझकर कार्यवाही बाधित कर रहे हैं और सदन पूरी तरह से राहुल गांधी की हठधर्मिता के कारण रुका हुआ है।

Advertisement