Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: राहुल गांधी ने बचाया रायबरेली में कांग्रेस का गढ़
राहुल गांधी रायबरेली लोकसभा सीट पर जीते

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: राहुल गांधी ने बचाया रायबरेली में कांग्रेस का गढ़

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
06:48 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। शुरूआती रूझान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और INDIA गठबंधन के बीच टक्कर चल रही है। उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर काफी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। यहां से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा के उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 3.90 लाख से अधिक वोट से हरा दिया। राहुल को 6.87 लाख और दिनेश को 2.97 लाख वोट मिले। राहुल पहली बार रायबरेली से चुनाव लड़े हैं।

चुनाव परिणाम

रायबरेली सीट पर लगा था बड़ा दांव

राहुल गांधी अपनी अमेठी सीट छोड़कर पहली बार रायबरेली सीट से चुनाव लड़े थे। यह सीट सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से खाली हुई थी। इस सीट पर कांग्रेस की साख दांव पर थी क्योंकि 1952 से इस पर अधिकतर समय कांग्रेस का कब्जा रहा है। सबसे पहले यहां से इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी ने चुनाव लड़ा था। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश की इकलौती सीट रायबरेली सोनिया गांधी ने जीती थी।

चुनाव

इस चुनाव में बनाए गए थे 10.5 लाख मतदान केंद्र

18वीं लोकसभा के सदस्यों को चुनने के लिए आम चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक 7 चरणों में आयोजित किए गए। इस दौरान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान हुआ, जिसमें कुल 96.8 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। चुनाव के लिए देशभर में 10.5 लाख मतदान केंद्र बने, जिन पर 55 लाख इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतदान हुआ। इस दौरान 1.50 करोड़ सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती हुई।