Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: डॉयमंड हॉर्बर से अभिषेक बनर्जी ने लगाई जीत की हैट्रिक
पश्चिम बंगाल में डायमंड हॉर्बर सीट से अभिषेक बनर्जी जीते

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: डॉयमंड हॉर्बर से अभिषेक बनर्जी ने लगाई जीत की हैट्रिक

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
05:38 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में डायमंड हॉर्बर लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी ने तीसरी बार जीत हासिल की। उनका मुकाबला भाजपा के अभिजीत दास और INDIA गठबंधन की ओर से कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतीकउर रहमान से था। बनर्जी ने दास को 7 लाख से अधिक वोट से हराया। तीसरे स्थान पर प्रतीकउर रहमान को 86,000 वोट मिले। बनर्जी को 10 लाख वोट मिले।

चुनाव परिणाम

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का गढ़ रही है डायमंड हॉर्बर सीट

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित डायमंड हॉर्बर सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का एकछत्र राज रहा है। वर्ष 1967 से लेकर 2009 तक लगातार वामदल का सांसद रहा है। 2009 में चुनाव जीतकर TMC के सोमेंद्रनाथ मित्रो ने वामदल का किला ढहा दिया। उसके बाद 2014 से लगातार 2 बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी यहां से चुने जा रहे हैं। यह संसदीय क्षेत्र समुद्री इलाके में बसा है।

चुनाव

मुस्लिम और दलित बाहुल्य क्षेत्र है डायमंड हॉर्बर

इस लोकसभा सीट की आबादी 48 हजार से अधिक आबादी है। यह मुस्लिम और दलित बाहुल्य क्षेत्र है। यह कोलकाता से करीब 50 किलोमीटर दूर है। 2019 के चुनाव में बनर्जी ने भाजपा के नीलांजन रॉय को करीब 3 लाख और 2014 में वामदल के अबुल हसनत को करीब 1 लाख वोट से हराया था। यहां सातवें चरण के तहत 1 जून को कुल 72.87 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार कुल 12 उम्मीदवार मैदान में थे।