उपचुनाव नतीजे: पंजाब में AAP तो उत्तर प्रदेश में सपा को झटका, भाजपा का शानदार प्रदर्शन

पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) तो उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। AAP संगरूर से लोकसभा उपचुनाव हार गई है, वहीं सपा को रामपुर और आजमगढ़ से हार का सामना करना पड़ा है। उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा है।
चंद महीने पहले ही पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने वाली AAP को संगरूर में बड़ा झटका लगा है। यहां उसके प्रत्याशी गुरमैल सिंह को शिरोमणि अकाली दल (मान) के प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान के हाथों हार का सामना करना पड़ा। AAP के लिए ये हार इसलिए भी बड़ी हो जाती है क्योंकि ये सीट मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी और इसे उनका गढ़ माना जाता है।
उत्तर प्रदेश में सपा को उसका गढ़ मानी जाने वाली रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। रामपुर में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने सपा प्रत्याशी मोहम्मद आसिम रजा को 40,000 से अधिक वोटों से मात दी, वहीं आजमगढ़ सीट पर भाजपा के दिनेश लाल यादव "निरहुआ" ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया। आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव और रामपुर सीट आजम खान के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी।
त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। इनमें से तीन पर भाजपा और एक पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। भाजपा ने जुबराजनगर, सुरमा और बारदोवाली टाउन सीटों पर अपना परचम लहराया, वहीं कांग्रेस ने अगरतला सीट पर कब्जा किया। बारदोवाली टाउन सीट से नए-नवेले मुख्यमंत्री माणिक साहा मैदान में उतरे थे। इस जीत के साथ ही उनका मुख्यमंत्री बने रहना तय हो गया है। बिप्लब देब के इस्तीफे के बाद उन्हें पिछले महीने मुख्यमंत्री बनाया गया था।
दिल्ली, आंध्र प्रदेश और झारखंड की एक-एक विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ पार्टियों ने जीत दर्ज की है। दिल्ली में राजेंद्र नगर सीट पर AAP प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने भाजपा उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज की। आंध्र प्रदेश में आत्मकुर सीट पर उपचुनाव हुए और सत्ता पर काबिज YSR कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रम रेड्डी ने भाजपा प्रत्याशी को भारी अंतर से हराया। झारखंड में सत्तारूढ़ कांग्रेस-JMM गठबंधन की संयुक्त उम्मीदवार शिल्पी नेहा टिर्की ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की।