लोकसभा और राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, "शुद्धिकरण" को लेकर हंगामा
क्या है खबर?
संसद का मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इसके एक घंटे बाद राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू की। तभी उन्होंने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम गाने के लिए सांसदों को खड़े होने को कहा। वंदे मातरम के बाद कार्यवाही स्थगित की घोषणा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह मौजूद रहे।
हंगामा
शाह के लिए 'माफी मांगों' के नारे
गुरुवार को सुबह 11 बजे सदन शुरू होने से कुछ देर पहले जब गृह मंत्री शाह लोकसभा पहुंचे, तो विपक्षी सांसदों ने "माफी मांगो, माफी मांगो" के नारे लगाए।
उन्होंने आवाज उठाई कि दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया? सत्ताधारी दल के सांसदों ने भी जवाब में नारे लगाए, जिस पर शाह ने उन्हें अपनी सीटों पर बैठने का इशारा किया।
विरोध-प्रदर्शनों के बीच शाह मुस्कुराते नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाद में सदन में पहुंचे।
ट्विटर पोस्ट
लोकसभा स्थगित
#MonsoonSession2026
— SansadTV (@sansad_tv) August 13, 2026
भारी हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।#LokSabha #ParliamentSession2026 @LokSabhaSectt @ombirlakota @loksabhaspeaker pic.twitter.com/7O0V71pyOf
सदन
राज्यसभा में खड़गे ने उठाया "शुद्धिकरण" का मुद्दा
राज्यसभा में भी गुरुवार को कार्यवाही शुरू होने के बाद हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड का मुद्दा उठाया।
खड़गे ने कहा कि हल्द्वानी में जिस रामलीला मैदान में उन्होंने चुनावी जनसभा की थी, उसको भाजपा के लोगों ने उनके भाषण के बाद "शुद्धिकरण" कराया है।
इस मामले पर सदन के नेता जेपी नड्डा ने जवाब दिया और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि घटना का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।
हंगामा
उपराष्ट्रपति ने घटना पर खेद जताया और कार्रवाई की मांग की
खड़गे द्वारा मामला उठाए जाने के बाद नड्डा ने कहा कि इस तरह की घटना का किसी प्रकार से भी समर्थन नहीं किया जाना चाहिए, उन्होंने मामले में जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
इसके बाद राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि समाज में छुआछूत की कोई जगह नहीं है और ऐसे कार्यों का विरोध होना चाहिए।
उन्होंने सरकार से मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विवाद
क्या है "शुद्धिकरण" का मामला?
कांग्रेस ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 'विजय शंखनाथ रैली' की, जिसे खड़गे ने संबोधित किया था।
बुधवार को एक वीडियो में श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन के लोगों ने यहां शुद्धिकरण हवन किया और जगह को पवित्र करने की बात कही। इससे पहले 9 अगस्त को भी हवन हुआ था।
घटना के बाद उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई। कांग्रेस ने भाजपा को दलित विरोधी बताया, जबकि भाजपा ने कार्यक्रम से इनकार किया है।
राज्यसभा
राज्यसभा में एक विधेयक पारित, सदन स्थगित
राज्यसभा ने नारेबाजी के बीच खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को संक्षिप्त बहस के बाद पारित कर दिया।
विधेयक पर केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने जवाब दिया। विधेयक बुधवार को लोकसभा ने पारित किया था।
विधेयक राज्य सरकारों को खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, उपकर या अन्य शुल्क लगाने से प्रतिबंधित करने का प्रयास करता है।
विधेयक पास होने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकालीन स्थगित कर दी गई।