सदन में हंगामे के बाद लोकसभा कल तक के लिए स्थगित
क्या है खबर?
लोकसभा को सोमवार को दो बार स्थगित किए जाने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। पहला स्थगन दोपहर 12 बजे तक और दूसरा दोपहर 2 बजे तक किया गया था। अब सदन की अगली बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे होगी। सदन में हंगामा उस समय हुआ जब विपक्षी सांसद इस बात पर अड़े रहे कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सबसे पहले बोलने की अनुमति दी जाए।
विवाद
कांग्रेस सांसदों की मांग- पहले राहुल बोलें
दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर टीडीपी सांसद कृष्ण प्रसाद टेनेटी ने अध्यक्ष की भूमिका संभाली। उन्होंने शशि थरूर से बजट पर बोलने को कहा, लेकिन कांग्रेस सांसदों ने जोर दिया कि पहले राहुल को बोलने दिया जाए। टेनेटी ने कहा कि थरूर को कांग्रेस ने ही बजट पर बोलने के लिए नामित किया है और पूछा कि क्या राहुल भी बजट पर बोलेंगे? इसके बाद सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
बयान
राहुल ने पूछा सवाल
दोपहर 2 बजे सदन शुरू होने पर राहुल ने कहा, "एक घंटे पहले सदन के एक सदस्य स्पीकर के पास गए थे। स्पीकर ने हमसे वादा किया था कि मुझे यहां बोलने और बजट चर्चा से पहले कुछ मुद्दे उठाने की अनुमति दी जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "अब आप अपने वादे से पीछे हट रही हैं। इसलिए मैं जानना चाहता हूं कि क्या मुझे वे बातें रखने की अनुमति है या नहीं?"
बयान
हम यहां आखिर किस लिए आ रहे हैं- प्रियंका गांधी
राहुल के सवाल उठाते ही हंगामा शुरू हो गया और सदन को कल तक स्थगित कर दिया गया। संसद के बाहर बोलते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि वे सदन में सिर्फ अंदर जाने और बाहर आने के लिए हैं। उन्होंने कहा, "नेता प्रतिपक्ष को एक मिनट के लिए भी बोलने नहीं दिया जा रहा है। यह हास्यास्पद है। यह लोकतंत्र नहीं है। हम यहां आखिर किस लिए आ रहे हैं? उन्हें बोलने की अनुमति देनी चाहिए।"