Page Loader
भाजपा के गठबंधन NDA में शामिल हुई JDS, बदलेंगे कर्नाटक के राजनीतिक समीकरण
भाजपा के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में शामिल हुई JDS (तस्वीर: X/@JPNadda)

भाजपा के गठबंधन NDA में शामिल हुई JDS, बदलेंगे कर्नाटक के राजनीतिक समीकरण

लेखन गजेंद्र
Sep 22, 2023
05:38 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में कर्नाटक की जनता दल सेक्युलर (JDS) पार्टी शामिल हो गई। दिल्ली में शुक्रवार को JDS नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। JDS के NDA में शामिल होने की पुष्टि नड्डा ने एक्स पर की। राजनीतिक गलियारों में काफी समय से दोनों पार्टियों के नजदीक आने को लेकर चर्चा थी।

असर

कर्नाटक में JDS का कितना जनाधार?

JDS की कर्नाटक में मुस्लिम और वोक्कालिंगा समुदाय में काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने JDS को भाजपा की 'बी' टीम बताते हुए उसके जनाधार को तोड़ने में सफलता पाई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में JDS को 9.67 प्रतिशत वोट मिले थे, वहीं इस साल हुए विधानसभा चुनाव में JDS ने अकेले चुनाव लड़कर 19 सीटें जीती थीं और 13.29 प्रतिशत वोट जुटाए थे।

गठबंधन

लोकसभा में क्या है JDS की स्थिति?

2019 लोकसभा चुनाव में JDS 28 लोकसभा सीटों वाले कर्नाटक में केवल हासन सीट पर जीत दर्ज कर पाई थी। हासन से JDS प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना चुनाव जीते थे। हालांकि, चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने के कारण 1 सितंबर को कर्नाटक हाई कोर्ट ने उनकी सांसदी रद्द कर दी। अब लोकसभा में JDS का कोई सांसद नहीं है। दूसरी तरफ भाजपा राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है।