LOADING...
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के लिए संदेश लिखा, कहा- मार्गदर्शन प्रेरित करेगा
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के लिए संदेश लिखा

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के लिए संदेश लिखा, कहा- मार्गदर्शन प्रेरित करेगा

लेखन गजेंद्र
May 29, 2026
01:04 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उपमुख्यमंत्री और संभावित मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उनके लिए भावुक संदेश लिखा है। शिवकुमार ने एक्स पर सिद्धारमैया के साथ अपने कुछ बेहतरीन पलों की एक रील साझा करते हुए कन्नड़ और अंग्रेजी में लिखा कि सिद्धारमैया जीवन में मिलने वाले अवसरों को उपयोग करने का एक बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन उनको प्रेरित और मजबूत करता रहेगा।

संदेश

शिवकुमार ने क्या लिखा संदेश?

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार ने लिखा, 'ईश्वर न तो वरदान देते हैं और न ही अभिशाप। वे केवल अवसर प्रदान करते हैं। असल बात यह है कि हम उन अवसरों का किस तरह उपयोग करते हैं। सिद्धारमैया जी का जीवन इस विचार का एक बेहतरीन उदाहरण है। मैसूर के एक साधारण से गांव से लेकर मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक, उनकी यह यात्रा दृढ़ता, लगन और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट समर्पण का एक जीता-जागता प्रमाण है।'

साथ

हमेशा साथ मिलकर खड़े रहे सिद्धारमैया- शिवकुमार

शिवकुमार ने आगे लिखा, 'वर्ष 2020 में जब से मुझे कर्नाटक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, तब से सिद्धारमैया जी एक मजबूत स्तंभ की तरह मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। हमने मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने और उसके दृष्टिकोण को जनता तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर काम किया है।' शिवकुमार ने उनके कार्यकाल में शुरू जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास पहलों को कर्नाटक की विकास गाथा में महत्वपूर्ण अध्याय बताया और उनके प्रति गहरा आभार जताया।

Advertisement

सम्मान

विकास की यात्रा को साथ मिलकर बढ़ाएंगे- शिवकुमार

शिवकुमार ने आगे लिखा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भी, जब हम कर्नाटक की प्रगति और कल्याण की दिशा में काम करेंगे, तब उनका मार्गदर्शन हम सभी को प्रेरित और मजबूत करता रहेगा। जैसा कि कहा जाता है, यदि आप तेज चलना चाहते हैं, तो अकेले चलें और यदि आप दूर तक चलना चाहते हैं, तो साथ मिलकर चलें। मैं कर्नाटक की जनता के लिए इस यात्रा को साथ मिलकर आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

शिवकुमार ने साझा किया वीडियो

Advertisement