LOADING...
बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ता ने अपने कार्यालय में आत्महत्या की, कांग्रेस विधायक को बताया जिम्मेदार
कर्नाटक के बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ता ने आत्महत्या की (तस्वीर: एक्स/@CTRavi_BJP)

बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ता ने अपने कार्यालय में आत्महत्या की, कांग्रेस विधायक को बताया जिम्मेदार

लेखन गजेंद्र
Apr 04, 2025
03:35 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक भाजपा कार्यकर्ता ने शुक्रवार सुबह अपने कार्यालय में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विनय सोमैया के रूप में हुई है। सोमैया ने नागवार इलाके में फांसी लगाकर अपनी जान दी है। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार एएस पोन्नना, स्थानीय कांग्रेस नेता थेनिरा महेना और अन्य पर लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

आत्महत्या

भाजपा कार्यकर्ता ने सुसाइड में क्या लिखा?

सोमैया ने सुसाइड नोट में लिखा कि उनके खिलाफ राजनीति से प्रेरित FIR दर्ज की गई और उनको बदमाश बताया गया। उन्होंने लिखा कि महेना ने राजनीतिक द्वेष के कारण उनके जीवन के साथ खेला और वे मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, जमानत मिलने के बाद भी मेरे दोस्तों-भाईयों को पुलिस ने परेशान किया, जो विराजपेट विधायक पोन्नना के आदेश पर हुआ। उन्होंने भाजपा से उसके परिवार का ध्यान रखने और आर्थिक मदद का आग्रह किया है।

विवाद

क्या है मामला?

कोडागु जिले के सोमवारपेट के मूल निवासी सोमैया व्हाट्सऐप ग्रुप "कोडागिना समययेगलु" के एडमिन थे। इस ग्रुप पर कुछ समय पहले कांग्रेस विधायक पोन्नाना के खिलाफ विवादित पोस्ट साझा की गई थी। इसमें पोन्नाना की शौचालय के साथ संपादित तस्वीर थी और अपमानजनक संदेश था। मामले की शिकायत मडिकेरी के स्थानीय कांग्रेस नेता ने दर्ज कराई, जिसके बाद सोमैया को मडिकेरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में जमानत मिल गई थी। उनका आरोप था कि उनकी उत्पीड़न जारी था।

Advertisement

बयान

राज्य के गृह मंत्री ने लिया संज्ञान

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मामले पर कहा कि FIR दर्ज कर पुलिस उपायुक्त इसकी जांच करेंगे और सारी बात सामने आएगी। उन्होंने कहा कि उनकी मौत का कारण जो भी रहा हो, जांच के बाद सब सामने आ जाएगा। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। पोन्नना कर्नाटक हाई कोर्ट के बड़े वकील हैं और सिद्धारमैया के कानूनी सलाहकार हैं। उनकी कुल संपत्ति 30.3 करोड़ रुपये है।

Advertisement