Page Loader
कंगना रनौत सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर फिर घिरीं, इस बार गांधी-शास्त्री पर विवाद
महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर फिर घिरीं कंगना रनौत

कंगना रनौत सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर फिर घिरीं, इस बार गांधी-शास्त्री पर विवाद

लेखन गजेंद्र
Oct 03, 2024
10:38 am

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है। आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट से वह फिर विवाद में घिर गई हैं। दरअसल, कंगना ने 2 अक्टूबर पर राष्ट्रपति महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने कुछ ऐसा लिखा, जिसमें शास्त्री की तुलना करते हुए गांधी को कमतर बताया जा रहा है।

विवाद

क्या लिखा है कंगना ने?

कंगना ने इस्टाग्राम पर स्टोरी साझा की, जिसमें लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शत-शत नमन किया गया है और लिखा है, "देश के पिता नहीं देश के लाल होते हैं। धन्य है भारत मां के ये लाल।" पोस्ट के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर लिखा, 'कंगना ने महात्मा गांधी की जयंती के दिन यह भद्दा तंज कसा। बापू और शास्त्री जी के बीच में भेदभाव गोडसे उपासक करते हैं।'

ट्विटर पोस्ट

कंगना की पोस्ट कांग्रेस नेता ने साझा किया

आलोचना

भाजपा नेता ने भी की आलोचना

कंगना के पोस्ट की न केवल कांग्रेस ने बल्कि पंजाब में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने भी आलोचना की है। NDTV के मुताबिक, कालिया ने वीडियो में कहा, "मैं कंगना रनौत की टिप्पणियों की निंदा करता हूं। अपने छोटे से राजनीतिक जीवन में, उन्होंने विवादास्पद बयान की आदत बना ली है। राजनीति उनका क्षेत्र नहीं। राजनीति एक गंभीर मामला है। बोलने से पहले सोचना चाहिए...उनकी टिप्पणी पार्टी की परेशानी का कारण बनती है।"

विवाद

पहले भी विवादित बयान दे चुकी हैं कंगना

बालीवुड अभिनेत्री से लोकसभा सांसद बनने वाली कंगना चुनाव जीतने के बाद से लगातार कई बार आपत्तिजनक और विवादित बयान दे चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने किसान आंदोलन को षड्यंत्र बताया था। इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा रद्द किए गए 3 कृषि कानून को वापस लाने की बात कही थी। हालांकि, भाजपा से फटकार के बाद उन्होंने माफी मांगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार और सोनिया गांधी को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणी की थी।