तेलंगाना: के कविता ने खुद की राजनीतिक पार्टी लॉन्च की
क्या है खबर?
भारत राष्ट्र समिति (BRS) से निकाले जाने के बाद के कविता ने खुद की राजनीतिक पार्टी लॉन्च की है। इसका नाम तेलंगाना राष्ट्र सेना (TRS) रखा गया है। कविता तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और BRS के प्रमुख के चंद्रशेखर राव की बेटी हैं। ये घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब 7 महीने पहले कविता को BRS से निकाल दिया गया था। अब उन्होंने नई पार्टी लॉन्च कर दी है।
बयान
कविता ने कहा- मैं तेलंगाना की बेटी
कविता ने कहा, 'हम पीछे नहीं हटेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए; अब समय आ गया है तेलंगाना की जनता अपनी बात कहे। हम अपनी आकांक्षाओं को मिटने नहीं देंगे; अगर तुम हमारे रास्ते में आए, तो राख बनकर रह जाओगे।' उन्होंने कहा, 'मैं तेलंगाना की बेटी हूं। मेरे खून में तेलंगाना है, तेलंगाना का जज्बा है। हम बहुत दृढ़ हैं, अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। हमने अपने जीवन के 20 साल तेलंगाना आंदोलन में बिताए हैं।'
निलंबन
कविता को क्यों किया गया था निलंबित?
सितंबर, 2025 में BRS ने कविता को पार्टी से निकाल दिया था। तब पार्टी के महासचिव टी रविंदर राव ने कहा था, "पार्टी MLC के कविता के हालिया व्यवहार और चल रही पार्टी विरोधी गतिविधियों से बीआरएस पार्टी को नुकसान हो रहा है। इसलिए पार्टी नेतृत्व इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। पार्टी अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने के कविता को तत्काल पार्टी से निलंबित करने का निर्णय लिया है।"