Page Loader
झारखंड में NDA दलों के बीच सीटों का बंटवारा हुआ, जानिए भाजपा को कितनी सीटें मिलीं
झारखंड में भाजपा ने सीट बंटवारा पक्का किया

झारखंड में NDA दलों के बीच सीटों का बंटवारा हुआ, जानिए भाजपा को कितनी सीटें मिलीं

लेखन गजेंद्र
Oct 18, 2024
01:48 pm

क्या है खबर?

झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय ले लिया है। झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU), जनता दल यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। भाजपा कुल 81 विधानसभा सीट में से सबसे अधिक 68, AJSU 10, JDU 2 और LJP 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

बंटवारा

JDU को मिली जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट 

AJSU को भाजपा ने सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर सीट दी है। JDU को जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट दी गई है। LJP को चतरा सीट से उम्मीदवार उतारने को कहा गया है। सहयोगियों को दी गई गई सीटों में करीब 6 से 7 सुरक्षित सीटों में आती हैं। सभी 81 सीटों पर 2.57 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.27 करोड़ महिलाएं और 1.30 करोड़ पुरुष मतदाता हैं।

चुनाव

2014 के चुनाव में क्या था गणित?

2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने AJSU के साथ गठबंधन किया था। इस दौरान भाजपा और AJSU ने 48 सीटें जीती थीं, जिसमें भाजपा ने 37 और AJSU ने 6 सीट जीती। 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं किया था और अकेले दम पर 25 सीटें जीती थी। तब झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 30, कांग्रेस ने 16 और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने 1 सीट जीतकर सरकार बनाई थी।

जानकारी

2 चरणों में होगा चुनाव

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यहां 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों पर और 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएगा। अभी कांग्रेस गठबंधन का सीट बंटवारा नहीं हुआ।