केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह का बीमारी के कारण निधन
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के नगरोटा से भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा का गुरुवार रात को हरियाणा के फरीदाबाद में निधन हो गया। वह बीमारी के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती थी।
59 वर्षीय देवेंद्र सिंह केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे। उनके परिवार में पत्नी गुंजन राणा, उनकी बेटियां देवयानी, केतकी और बेटा अधिराज सिंह है।
भाई की मौत की खबर मिलते ही जितेंद्र सिंह जम्मू पहुंच गए। राणा का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होने की संभावना है।
चुनाव
हाल ही में जीते थे जम्मू-कश्मीर का विधानसभा चुनाव
जम्मू के गांधीनगर इलाके में रहने वाले राणा ने हाल ही में जम्मू क्षेत्र की नगरोटा विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने दूसरी बार यहां से चुनाव जीता था।
राणा ने चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार जोगिंदर सिंह के खिलाफ 30,472 वोटों के उच्चतम अंतर से जीत हासिल की थी।
उनके निधन की खबर सुनकर उनके आवास पर राजनीतिक नेताओं का जमावड़ा लग गया है। उनका पार्थिव शरीर हरियाणा से जम्मू के लिए रवाना हो गया है।
शोक
निधन पर जताया शोक
राणा के निधन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी समेत कई नेताओं ने शोक और दुख जताया है।
जम्मू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति अमिताभ मट्टू ने एक्स पर लिखा, 'एक असाधारण उद्यमी और राजनीतिक नेता देवेंद्र राणा के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उन्हें जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में अच्छी तरह से जानता था। वह बहुत ही प्रतिभाशाली नेता थे और एक समय उमर अब्दुल्ला के बहुत बड़े विश्वासपात्र थे।"
पहचान
व्यवसायी से राजनेता बने थे राणा
राणा व्यवसाय से राजनीति में आये थे और शून्य से करोड़ों रुपये का कारोबार बनाया। वह जम्मू के डोगरा समुदाय की मजबूत आवाज माने जाते थे।
राणा उमर अब्दुल्ला के मुख्यमंत्री कार्यकाल में उनके भरोसेमंद सहयोगी थे और नेशनल कॉन्फ्रेंस में 2 दशक से अधिक का समय बिताया था। वह पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष भी थे।
अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद उन्होंने पार्टी की नीतियों से खफा होकर अक्टूबर 2021 में इस्तीफा दिया और भाजपा में आ गए।
ट्विटर पोस्ट
अपने भाई के आवास पहुंचे जितेंद्र सिंह
#WATCH जम्मू (जम्मू-कश्मीर): केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह अपने भाई और नगरोटा से भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद उनके आवास पर पहुंचे। pic.twitter.com/AshfkKzkSz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 31, 2024