INDIA की बैठक में 19 पार्टियां हुईं शामिल, खड़गे बोले- CEC को पद से हटाया जाए
क्या है खबर?
चुनाव आयोग को लेकर मचे घमासान के बीच आज दिल्ली में विपक्षी गठबंधन INDIA की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर संयुक्त रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, AICC महासचिव जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल, TMC की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, RJD से तेजस्वी यादव जैेसे नेता शामिल हुए।
बयान
खड़गे बोले- ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की असलियत पूरी तरह सामने आ गई है, उन्हें उनके पद से हटा दिया जाना चाहिए। संविधान के अनुच्छेद 324 में परिकल्पित स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव आयोग के बिना कोई भी विश्वसनीय चुनाव नहीं हो सकता। इसलिए हमारा रुख बिल्कुल साफ होना चाहिए: किसी भी भारतीय नागरिक को अस्पष्ट, मनमाने या ठीक से निगरानी न किए गए तरीके से चुनावी प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।"
ममता
ममता ने ज्ञानेश कुमार को 'गायब कुमार' कहा
बैठक के दौरान ममता ने मतदाताओं के नाम गायब होने को लेकर ज्ञानेश कुमार पर कटाक्ष किया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को 'गायब कुमार' कहा।
ममता ने SIR प्रक्रिया को गड़बड़झाला बताते हुए दावा किया कि चुनाव के बाद वे घर से बाहर नहीं निकल सकती।
उन्होंने कहा, "SIR का इस्तेमाल भाजपा को बंगाल पर कब्जा करने में मदद करने के लिए किया गया। जब से भाजपा सत्ता में आई है, मैं घर से बाहर भी नहीं निकल पा रही हूं।"
अनुपस्थिति
अखिलेश समेत इन नेताओं ने बनाई दूरी
SP प्रमुख अखिलेश यादव और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे शामिल नहीं हुए। अखिलेश ने राज्यसभा चुनाव के नामांकन में व्यस्त होने के चलते बैठक से दूरी बनाई। हालांकि, वे ऑनलाइन शामिल हुए।
DMK और AAP ने पहले ही कह दिया था कि वे बैठक में शामिल नहीं होंगे।
DMK प्रवक्ता ने कहा कि हम INDIA का हिस्सा नहीं है, लेकिन संसद में ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।
उपस्थिति
ये पार्टियां हुई शामिल
बैठक में 19 पार्टियां शामिल हुईं।
इनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (TMC), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरद), शिवसेना (UBT), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), CPI(M), CPI, नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP), झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), CPI(ML), इंडियन यूनियम मुस्लिम लीग (IUML), केरल कांग्रेस (M), मरुमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (MDMK), विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK), राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी (RSP), केरल कांग्रेस (जोसेफ) और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) शामिल हैं।