विपक्षी गठबंधन INDIA की कल बैठक, कांग्रेस बोली- हम एकजुट, 23 पार्टियां शामिल होंगी
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को लगे चुनावी झटके के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA में हलचल तेज हो गई है। गठबंधन ने कल दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि इसमें 23 पार्टियां शामिल होंगी। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने बताया कि INDIA 8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक करेगा, जिसमें 23 राजनीतिक दलों के भाग लेने की संभावना है।
बयान
जयराम रमेश बोले- कुछ पार्टियों ने शामिल होने में असमर्थता जताई
जयराम ने कहा, 'कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से शामिल होने में असमर्थता जताई है, लेकिन उन्होंने मोदी सरकार की उन का कड़ा विरोध व्यक्त किया है, जो लाखों भारतीयों से वोट देने का अधिकार छीन रही हैं, संविधान पर हमला कर रही हैं, एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही हैं, करोड़ों भारतीयों की रोजी-रोटी को नुकसान पहुंचा रही हैं, युवाओं की उम्मीदों के साथ विश्वासघात कर रही हैं, निवेश के माहौल को कमजोर कर रही हैं।'
ममता बनर्जी
बैठक में शामिल होने के लिए ममता बनर्जी दिल्ली रवाना
बैठक में शामिल होने के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली रवाना हो गई हैं। विधानसभा चुनावों में TMC की हार के बाद विपक्षी गठबंधन की यह पहली बैठक है। TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी भी दिल्ली पहुंच गए हैं। बता दें कि चुनावी नतीजों के बाद ममता ने ही गठबंधन की बैठक करने की कवायद शुरू की थी।
DMK
DMK ने बैठक से बनाई दूरी
गठबंधन की प्रमुख सहयोगी द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) ने बैठक से दूरी बना ली है। ये फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने थलापति विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को समर्थन दे दिया था। तब कांग्रेस के इस कदम को DMK नेताओं ने पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया था। बता दें कि चुनाव से पहले राज्य में DMK की सरकार थी, जिसे कांग्रेस का समर्थन था।
अहमियत
कितनी अहम है बैठक?
5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद ये गठबंधन की पहली बैठक है। DMK और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) की नाराजगी और आम आदमी पार्टी (AAP) के गठबंधन के बाहर होने के चलते ये विपक्षी एकता के लिए भी अहम है। उत्तर प्रदेश समेत कुछ बड़े राज्य में विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले INDIA गठबंधन में शामिल पार्टियों के बीच बेहतर तालमेल और नेतृत्व पर स्थिति को लेकर भी बैठक में चर्चा की उम्मीद है।
JDU
JDU नेता का दावा- ममता और केजरीवाल के कारण टूटा INDIA
जनता दल यूनाइटेड (JDU) नेता संजय झा ने INDIA में टूट के लिए अरविंद केजरीवाल और ममता को जिम्मेदार ठहराया है। जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार ने गठबंधन क्यों छोड़ा तो उन्होंने कहा, "2 लोगों ने गठबंधन खत्म कर दिया- ममता और केजरीवाल। मैं ये नहीं कह रहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार प्रोजेक्ट हो गए थे, लेकिन एक सहमति बन गई थी लेकिन इन दोनों ने कहा था कि एक दलित नेता होना चाहिए।"