दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक शुरू; SIR-महंगाई और गिरती अर्थव्यवस्था का मुद्दा उठा, AAP-DMK गायब
क्या है खबर?
दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को विपक्षी INDIA गठबंधन की बैठक शुरू हो गई है, जिसमें करीब 23 पार्टियों के प्रमुख नेता पहुंचे हैं। गठन के करीब 3 साल बाद हो रही गठबंधन की बैठक में अपने उद्घाटन भाषण के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महंगाई, गिरती अर्थव्यवस्था, विदेश नीति, रोजगार संकट और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठाया। बैठक से आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेता नदारद हैं।
बैठक
खड़गे ने विपक्ष की एकजुटता का आह्वान किया
गठबंधन सहयोगी दलों के नेताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार की राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति के मोर्चों पर विफलताओं को उजागर करने के लिए एकजुटता जरूरी है। उन्होंने SIR से लाखों लोगों के हाथ से मतदान का अधिकार छीनने का आरोप लगाया और दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ हो रहा है। उन्होंने बढ़ती कीमतों, निवेश में कमजोर वृद्धि और पेपर लीक का भी मुद्दा उठाया।
बैठक
TMC और समाजवादी पार्टी ने कनिमोझी को फोन किया
इंडिया टुडे के मुताबिक, बैठक से AAP और DMK के नेता नदारद हैं। इस पर TMC और समाजवादी पाटी ने बैठक से पहले DMK सांसद कनिमोझी को व्यक्तिगत तौर पर फोन किया। उनका उद्देश्य बैठक में DMK की भागीदारी सुनिश्चित करना था। हालांकि, DMK ने कांग्रेस के साथ विवाद के कारण बैठक में शामिल होने से मना कर दिया। AAP के नेता भी इसमें शामिल नहीं हुए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का कहना है कि DMK गठबंधन में बनी हुई है।
बैठक
सोनिया गांधी भी बैठक में शामिल
बैठक में खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा, कांग्रेस संसदीय समिति की प्रमुख सोनिया गांधी, TMC नेता ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती शामिल रहीं। बैठक के बाद दोपहर 2:30 बजे गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
ट्विटर पोस्ट
बैठक शुरू होने पर खड़गे का भाषण
INDIA की बैठक में मेरे शुरुआती वक्तव्य का अंश —
— Mallikarjun Kharge (@kharge) June 8, 2026
मैं INDIA समूह के नेताओं की इस बैठक में आप सभी का स्वागत करता हूं। यह समूह लगभग ठीक तीन साल पहले अस्तित्व में आया था। मैं ज्यादा नहीं बोलना चाहता, क्योंकि हमारे सामने मौजूद मुद्दे आप सभी अच्छी तरह जानते हैं।हमने 17 अप्रैल, 2026 को… pic.twitter.com/sgUB7UjDUg