Page Loader
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: 90 सीटों पर हुआ मतदान, 64.01 प्रतिशत लोगों ने डाला वोट
हरियाणा में शाम 6 बजे तक 64 प्रतिशत मतदाताओं ने डाला वोट

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: 90 सीटों पर हुआ मतदान, 64.01 प्रतिशत लोगों ने डाला वोट

Oct 05, 2024
08:08 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को राज्य की सभी 90 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक कुल 64.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इसके साथ ही 100 महिलाओं सहित कुल 1,031 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। चुनाव आयोग की ओर से मतदान को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। लोगों ने मतदान के प्रति खास उत्साह भी देखने को मिला।

मतदान

दिन चढ़ने के साथ बढ़ी मतदान की रफ्तार

चुनाव आयोग के अनुसार सुबह सभी बूथों पर मतदान की रफ्तार धीमी रही और दिन बढ़ने के साथ मतदाताओं का बूथों पर पहुंचना शुरू हो गया। आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार, सुबह 9 बजे तक महज 9.53 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद सुबह 11 बजे 22.70 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे 36.69 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे 49.13 प्रतिशत और शाम 5 बजे 61 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके बाद शाम 6 बजे यह 64.01 प्रतिशत पर पहुंच गया।

जानकारी

यमुना नगर में हुआ सबसे अधिक मतदान

चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, यमुना नगर में सबसे अधिक 71.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इसी तरह सबसे अधिक अति संवेदनशील केंद्रों वाले गुरुग्राम में सबसे कम 52.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

केंद्र

20,629 केंद्रों पर हुआ मतदान

प्रदेश में 10,495 जगहों पर कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए थे। 3,616 मतदान केंद्रों को संवेदनशील माना गया है, जबकि 145 को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। ऐसे मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदेश में 516 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 469 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 32 क्विक रिस्पॉन्स टीम बनाई गई थी। आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए 1,156 पेट्रोलिंग पार्टी भी बनाई गई थी।