Page Loader
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस-AAP गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध- रिपोर्ट
कांग्रेस और AAP में सीट बंटवारे को लेकर बढ़ा तनाव

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस-AAP गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध- रिपोर्ट

Sep 06, 2024
07:31 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कथित तौर पर बड़ा गतिरोध सामने आ गया है। रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में कांग्रेस के नेता AAP को बहुत ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके चलते दोनों पार्टियों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। यदि इस पर बात नहीं बनी तो दोनों दलों के बीच गठबंधन होना मुश्किल होगा।

हालात

मौजूदा सीट बंटवारे पर अड़ी हुई है कांग्रेस

इंडिया टुडे के अनुसार, अगर कांग्रेस मौजूदा सीट बंटवारे के फार्मूले पर अड़ी रही तो 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उसका AAP से गठबंधन नहीं होगा। ऐसी स्थिति में कांग्रेस 50 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय ले सकती है। सूत्रों के मुताबिक, AAP गठबंधन के तहत 5-7 सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है, लेकिन कांग्रेस उसे इतनी सीटें देने के तैयार नहीं हो रही है। इससे तनाव बना हुआ है।

गठबंधन

INDIA गठबंधन का हिस्सा है कांग्रेस और AAP

कांग्रेस और AAP दोनों ही INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसने लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट किया था और आश्चर्यजनक रूप से मजबूत परिणाम दिए थे। कांग्रेस का सीट आवंटित करने में आनाकानी करना हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में AAP का निराशजनक प्रदर्शन भी है। उसने केवल एक सीट पर चुनाव लड़ा और हार का सामना करना पड़ा। इधर, AAP हरियाणा में खुद को मजबूत बताते हुए अधिक सीट मांग रही है।

जानकारी

हरियाणा में कब होंगे विधानसभा चुनाव? 

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा में एक ही चरण में 5 अक्टूबर को सभी सीटों के लिए मतदान होगा। इसके बाद मतों की गणना जम्मू-कश्मीर के साथ 8 अक्टूबर को की जाएगी। इससे पहले हरियाणा में 1 अक्टूबर को चुनाव होने थे।