गुजरात: एक ही शख्स 3 अलग-अलग पार्टियों से लड़ रहा चुनाव, सामने आया चौंकाने वाला मामला
क्या है खबर?
गुजरात के दाहोद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिला पंचायत चुनाव के दौरान एक शख्स ने 3 अलग-अलग पार्टियों से नामांकन दाखिल कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिपेरो सीट पर भरत सिंह वखाला नामक एक स्थानीय नेता ने आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और भाजपा तीनों पार्टियों से नामांकन जमा कर दिया है। यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
रिपोर्ट
पार्टी बदलते रहे हैं वखाला
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पिपेरो सीट के लिए कुल 11 लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें भाजपा के 5, कांग्रेस के 2, AAP का एक, 2 निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का प्रत्याशी है। नामांकन पत्रों की जांच में सामने आया कि भाजपा, कांग्रेस और AAP तीनों पार्टियों से वखाला ने फॉर्म जमा किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वखाला पार्टी बदलते रहे हैं और कांग्रेस, भाजपा और AAP के सदस्य रहे हैं।
स्थिति
आगे क्या होगा?
चुनाव नियमों के मुताबिक, किसी उम्मीदवार को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी तभी माना जाता है, जब वह समय सीमा के अंदर पार्टी से मिला फॉर्म-B जमा करता है। NDTV से एक स्थानीय चुनाव अधिकारी ने कहा, "स्थिति 15 अप्रैल को ही स्पष्ट हो पाएगी, जो कि नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है। तब पता चलेगा कि वह किस पार्टी का 'फॉर्म B' जमा करते हैं और किन नामांकनों को वापस लिया जाता है या खारिज कर दिया जाता है।"