LOADING...
गुजरात में उपचुनाव जीत के बीच AAP को झटका, बोटाक विधायक ने पार्टी छोड़ी
गुजरात से AAP विधायक उमेश मकवाना ने इस्तीफा दिया

गुजरात में उपचुनाव जीत के बीच AAP को झटका, बोटाक विधायक ने पार्टी छोड़ी

लेखन गजेंद्र
Jun 26, 2025
04:13 pm

क्या है खबर?

गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) अभी विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत का जश्न मना ही रही थी कि उसे जोरदार झटका मिला है। पार्टी के बोटाद से विधायक उमेश मकवाना ने गुरुवार को सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्याग पत्र पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा है। मकवाना ने इस्तीफा देने के बाद पार्टी पर भीमराव अंबेडकर के विचारों से हटने का आरोप लगाया है।

निष्कासन

मकवाना के इस्तीफा देने के बाद उनको पार्टी से निकाला गया

मकवाना ने केजरीवाल को भेजे पत्र में लिखा, "मैं गुजरात में एक दंडक के रूप में कार्य कर रहा हूं। इस समय मेरी सामाजिक सेवाएं कम हो रही हैं, इसलिए मैं आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं पार्टी के लिए कार्यकर्ता के तौर पर काम करूंगा।" मकवाना के इस्तीफा देने के बाद AAP गुजरात अध्यक्ष इसूदान गढ़वी ने उनको गुजरात विरोधी और पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 5 साल के लिए निष्कासित किया है।

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोले उमेश मकवाना

चुनाव

कौन हैं उमेश मकवाना?

मकवाना ने इस्तीफा देने बाद मीडिया से बताया कि वह 20 साल तक भाजपा में रहने के बाद सत्तारूढ़ दल को छोड़कर AAP में आए थे, उस समय पार्टी को गुजरात में कोई नहीं जानता था। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में बोटाद से भाजपा के घनश्याम विरानी को 2,779 वोट से हराया था। चर्चा है कि मकवाना भाजपा में जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनसे सलाह लेने और नई पार्टी गठन की बात कही है।

जानकारी

विसावदर सीट से जीते हैं गोपाल इटालिया

जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट से 2022 में AAP के भूपेंद्र भयानी जीते थे। हालांकि, 2025 में वे भाजपा में चले गए। इसके बाद हुए उपचुनाव में AAP के गोपाल इटालिया ने भाजपा के किरित पटेल को 17,554 वोट से हराया है।