LOADING...
गोवा: कल शपथ लेंगे नए विधायक, मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संशय बरकरार
गोवा: कल शपथ लेंगे नए विधायक, मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संशय बरकरार

गोवा: कल शपथ लेंगे नए विधायक, मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संशय बरकरार

Mar 14, 2022
12:56 pm

क्या है खबर?

गोवा में कल यानि मंगलवार को सभी नए विधायक शपथ लेंगे। राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई ने कल 11:30 बजे से राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है जिसमें सभी नए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। विधायकों को शपथ दिलाने के लिए भाजपा विधायक गणेश गांवकर को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। राज्यपाल पिल्लई आज उन्हें शपथ दिलाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में भाजपा के आज सरकार बनाने का दावा करने की बात भी कही जा रही है।

मुख्यमंत्री

भाजपा किसे बनाएगी अगला मुख्यमंत्री, इस पर संशय बरकरार

सरकार बनाने की इस तैयारी के बीच गोवा में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री रहे प्रमोद सावंत राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं। वैसे तो नई सरकार के गठन के लिए पुराने मुख्यमंत्री का इस्तीफा देना एक अनिवार्य प्रक्रिया है, लेकिन सावंत फिर से मुख्यंत्री बनेंगे, ये तय नहीं है। पार्टी ने अभी तक उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाने को लेकर कुछ नहीं कहा है।

दावेदार

मुख्यमंत्री के दावेदारों में विश्वजीत राणे का नाम सबसे आगे

फिलहाल जिन नेताओं का नाम मुख्यमंत्री के लिए आगे चल रहा है, उनमें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे सबसे आगे माने जा रहे हैं। वे शनिवार को राज्यपाल से भी मिले थे और इसने उनके नाम की अटकलों को और हवा दी है। हालांकि राणे ने कहा है कि यह एक विशुद्ध शिष्टाचार मुलाकात थी और इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं था। उन्होंने कहा कि वे राज्यपाल को अपनी विधानसभा वालपोई का दौरा करने का न्यौता देने आए थे।

Advertisement

नतीजे

गोवा में भाजपा को मिली सबसे अधिक सीटें, लेकिन बहुमत से एक सीट पीछे

बता दें कि गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, हालांकि वह पूर्ण बहुमत से एक सीट पीछे रह गई है। उसने राज्य की 40 सीटों में से 20 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो 21 सीटों के बहुमत के आंकड़े से एक कम है। हालांकि इससे सरकार बनाने की उसकी राह में कोई अड़चन नहीं आएगी और वह निर्दलीयों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाएगी।

Advertisement

अन्य पार्टी

अन्य पार्टियों की क्या स्थिति?

अन्य पार्टियों की बात करें तो भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानी जा रही कांग्रेस मात्र 11 सीटें जीत सकी। आम आदमी पार्टी (AAP) भी राज्य में खाता खोलने में कायमाब रही और उसने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के साथ मिलकर चुनाव लड़ी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी को दो सीटें मिली हैं, वहीं एक-एक सीट पर गोवा फॉरवर्ड पार्टी और रिवोल्युशनरी गोअंस पार्टी ने जीत दर्ज की है। निर्दलीयों ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया है।

Advertisement