
गोवा: यौन शोषण के आरोपों से घिरे मंत्री मिलिंद नाइक का इस्तीफा, जानिये पूरा मामला
क्या है खबर?
यौन शोषण के आरोपों से घिरे गोवा के शहरी विकास और सामाजिक कल्याण मंत्री मिलिंद नाइक ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन पर कांग्रेस ने 'सेक्स स्कैंडल' में शामिल होने के आरोप लगाए थे।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए नाइक का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। कांग्रेस जो भी सबूत देगी, उनकी जांच की जाएगी।
आइये जानते हैं कि यह पूरा मामला क्या है।
पृष्ठभूमि
गोवा कांग्रेस प्रमुख ने लगाए थे आरोप
गोवा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गिरीश चोडानकर ने बुधवार को आरोप लगाया था कि नाइक ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिहार की एक महिला का यौन शोषण किया है।
इससे पहले 30 नवंबर को चोडानकर ने ऐसे ही आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार को आरोपी मंत्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया था।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो उन्हें मंत्री का नाम सार्वजनिक करना पड़ेगा।
मामला
महिला ने 10 दिसंबर को दी थी शिकायत
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, महिला ने 10 दिसंबर को बिहार पुलिस को शिकायत देकर गोवा कांग्रेस के नेता संकल्प अमोनकर और दूसरे पार्टी कार्यकर्ताओं पर वसूली, यौन शोषण और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए थे।
शिकायत में कहा गया था कि आरोपियों ने कथित तौर पर महिला का वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
बिहार पुलिस ने महिला की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर मामला गोवा ट्रांसफर कर दिया था।
गोवा
कांग्रेस ने मंत्री के खिलाफ दी शिकायत
गोवा पुलिस इस मामले की जांच शुरू ही करने वाली थी कि बुधवार को अमोनकर और दूसरे कांग्रेस नेताओं ने पणजी के महिला पुलिस थाने में नाइक के खिलाफ शिकायत दे दी।
शिकायत के साथ इन नेताओं ने कुछ फोन रिकॉर्ड और दूसरे सबूत भी पेश किए हैं।
इनका दावा है कि ये सबूत आरोपी मंत्री से जुड़े हैं, जो महिला का यौन उत्पीड़न कर रहा है और उसे गर्भपात के लिए मजबूर कर रहा है।
दावा
महिला को बाध्य किया गया- अमोनकर
मीडिया से बात करते हुए अमोनकर ने कहा, "महिला का असली फोन और कॉपी समेत हमारे पास मौजूद नाइक के खिलाफ सारे सबूत जमा करवा दिए है। पीड़िता अपनी बात से पलट गई थी और उसे हमारे खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए बाध्य किया गया है। मैं पुलिस के साथ सहयोग को तैयार हूं।"
अमोनकर ने कहा कि पीड़िता लंबे समय से मंत्री के खिलाफ शिकायत देना चाहती थी, लेकिन वो डर रही थी।
प्रतिक्रिया
नाइक के इस्तीफे पर पार्टी का क्या कहना है?
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि नाइक अपना पक्ष सामने रखेंगे और व्यक्तिगत स्तर पर यह लड़ाई लड़ेंगे।
उन्होंने कहा, "नाइक के खिलाफ लगाए गए आरोप व्यक्तिगत हैं और वो क्या करते हैं, यह उनका फैसला होगा।"
वहीं गोवा भाजपा प्रमुख सदानंद तनावड़े ने कहा मंत्री पद से इस्तीफा देना नाइक का निजी फैसला था। आरोप कोई भी लगा सकता है, लेकिन वो सच हैं या झूठ, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
असर
भाजपा के लिए बड़ा झटका
58 वर्षीय नाइक तीन बार के विधायक हैं और वो पहले भी मंत्री रह चुके हैं। दक्षिण गोवा की मोरमुगावो विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले नाइक ने पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के संकल्प अमोनकर को 140 वोटों के मामूली अंतर से हराया था।
अगले साल के शुरुआती महीनों में गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में चुनाव से ऐन पहले सरकार के वरिष्ठ मंत्री का इस्तीफा होना भाजपा के लिए बड़ा झटका है।