
भाजपा ने गौतम गंभीर और कांग्रेस ने बॉक्सर विजेंद्र सिंह को दिया टिकट
क्या है खबर?
भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को पूर्वी दिल्ली से टिकट दिया गया है। वहीं कांग्रेस ने बॉक्सर विजेंद्र सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने विजेंद्र को दक्षिण दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है। इस तरह कांग्रेस ने दिल्ली की सातों सीटों के लिए सोमवार को अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया।
भाजपा ने सोमवार को गौतम गंभीर के अलावा नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी के नाम की घोषणा की।
भाजपा के उम्मीदवार
भाजपा ने मौजूदा सांसदों पर दिखाया भरोसा
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में अपने मौजूदा सांसदों पर भरोसा दिखाते हुए पांच को फिर चुनाव मैदान में उतारा है। अभी तक पार्टी ने दिल्ली में कुल छह उम्मीदवारों का नाम फाइनल किया है।
इनमें से उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, चांदनी चौक से डॉक्टर हर्षवर्धन, दक्षिण दिल्ली से रमेश बिधुड़ी, पश्चिम दिल्ली से परवेश वर्मा का नाम तय किया था।
सोमवार को नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी और पूर्वी दिल्ली से गंभीर को चुनावी मैदान में उतारा है।
जानकारी
महेश गिरी की जगह गंभीर
भाजपा ने मौजूदा सासंद महेश गिरी की जगह गंभीर को उतारा है। गंभीर का मुकाबला आम आदमी पार्टी की आतिशी और कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली के साथ होगा।
कांग्रेस के उम्मीदवार
कांग्रेस ने दिल्ली की सातों सीटों पर उतारे उम्मीदवार
दिल्ली में पहले कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया था।
कांग्रेस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से शीला दीक्षित, नई दिल्ली से अजय माकन, चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, पश्चिम दिल्ली से महाबल मिश्रा, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से राजेश लिलोथिया और पूर्वी दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया है।
इसके बाद कांग्रेस ने विजेंद्र को दक्षिण दिल्ली से अपना उम्मीदवार घोषित किया।
ट्विटर पोस्ट
विजेंद्र सिंह ने राहुल और प्रियंका को दिया धन्यवाद
In more than 20 yrs of my career in boxing i have always made my country proud in the ring. Now its time to do something for my countrymen serve them. I would like to accept this opportunity thank @INCIndia party @RahulGandhi ji @priyankagandhi ji for this responsibility
— Vijender Singh (@boxervijender) April 22, 2019
AAP
ये हैं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में सबसे पहले अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।
AAP ने नई दिल्ली से ब्रजेश गोयल, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता, उत्तर-पूर्व दिल्ली से दिलीप पांडे, दक्षिण दिल्ली से राघव चड्ढा, पश्चिम दिल्ली से बलराम सिंह जाखड़, पूर्वी दिल्ली से आतिशी और उत्तर पश्चिम दिल्ली से गुगन सिंह को टिकट दिया है।
AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत सिरे नहीं चढ़ पाई थी।
गठबंधन
AAP और कांग्रेस के बीच नहीं हुआ गठबंधन
पिछले काफी समय से कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन के लिए बातचीत जारी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस दिल्ली में 3 सीटों की मांग कर रही थी, जो AAP को मंजूर नहीं थी।
दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर गठबंधन के लिए राजी नहीं होने का आरोप लगाती रही।
न्यूजबाइट्स के साथ इंटरव्यू में AAP नेता राघव चड्ढा ने कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर कहा था कि भाजपा को हराने के लिए वो विष पीने को भी तैयार हैं।
मुकाबला
मनोज तिवारी से होगा शीला दीक्षित का मुकाबला
दिल्ली में सबसे रोचक मुकाबला उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर होने की उम्मीद है।
कांग्रेस ने यहां से शीला दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है वहीं भाजपा ने यहां से दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को टिकट दिया है।
शीला दीक्षित ने टिकट मिलने के बाद कहा कि वो इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने यहां से मेट्रो शुरू की थी, जिससे लोगों में उनकी छवि एक काम करने वाले नेता के तौर पर है।
जानकारी
दिल्ली में 12 मई को होने हैं चुनाव
बता दें कि 2014 में लोकसभा की सभी 7 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार दिल्ली में छठवें चरण में 12 मई को सभी सीटों पर लोकसभा चुनाव होने हैं। परिणाम 23 मई को आएंगे।