Page Loader
पूर्व IAS अधिकारी रामचंद्र प्रसाद सिंह होंगे नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी, JDU के अध्यक्ष बनाए गए

पूर्व IAS अधिकारी रामचंद्र प्रसाद सिंह होंगे नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी, JDU के अध्यक्ष बनाए गए

Dec 27, 2020
04:24 pm

क्या है खबर?

जनता दल यूनाइटेड (JDU) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह पूर्व IAS अधिकारी रामचंद्र प्रसाद सिंह पार्टी की कमान संभालेंगे। रविवार को JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में ये फैसला लिया गया। बैठक में नीतीश ने खुद सिंह का नाम आगे किया और अन्य सदस्यों ने सर्वसम्मति से उनके नाम को अपनी सहमति दी। सिंह को नीतीश का बेहद करीबी माना जाता है और वे उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी होंगे।

पृष्ठभूमि

नीतीश ने दिए थे सिंह को राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाने के संकेत

बता दें कि नीतीश कुमार ने हाल ही में रामचंद्र सिंह को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाने की बात कही थी। पटना स्थित JDU कार्यालय में हुई एक बैठक में नीतीश ने कहा था कि उनके बाद सारा कामकाज सिंह ही संभालेंगे। ये पहला मौका था जब नीतीश ने अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी को लेकर कोई स्पष्ट बयान दिया था और इसके बाद से सिंह का अगला JDU अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा था।

कामकाज

पार्टी में नंबर दो की हैसियत से काम कर रहे थे सिंह

नीतीश के इस बयान के अलावा JDU में दी जा रही जिम्मेदारियां से भी स्पष्ट था कि नीतीश के बाद सिंह ही पार्टी में नंबर दो हैं। जून से ही पार्टी की बैठकों में नीतीश से ठीक पहले सिंह का भाषण होता था जो आमतौर पर पार्टी का नंबर दो नेता देता है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव के समय सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में भी नीतीश ने सिंह पर सबसे अधिक भरोसा किया था।

दोस्ती

1996 में नीतीश के संपर्क में आए थे सिंह

उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी रामचंद्र सिंह पहली बार 1996 में नीतीश कुमार के संपर्क में आए थे। तब वह तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के निजी सचिव थे और नीतीश उनके कामकाज से बेहद प्रभावित हुए थे। इसके अलावा नीतीश और सिंह दोनों बिहार के एक ही जिले (नालंदा) और एक ही जाति (कुर्मी) से आते हैं और इस वजह से भी उनके बीच दोस्ती गहरी होती चली गई।

जिम्मेदारियां

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान नीतीश के सचिव रहे सिंह

नीतीश पर सिंह का इतना प्रभाव पड़ा कि जब वह अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय रेल मंत्री बने तो उन्होंने सिंह को अपना विशेष सचिव नियुक्त किया। इसके बाद जब 2005 में वह बिहार के मुख्यमंत्री बने तो सिंह को अपने मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी। सिंह ने 2010 में सेवाओं से समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया और इसी साल JDU की टिकट पर वह राज्यसभा पहुंच गए। 2016 में उन्हें फिर से राज्यसभा भेजा गया।

जानकारी

JDU के केंद्र सरकार में शामिल होने पर मंत्री बन सकते हैं रामचंद्र

माना जा रहा है कि देर-सवेर जब भी JDU भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की केंद्र सरकार में शामिल होती है, JDU की तरफ से रामचंद्र सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। ऐसा होने पर वह पहली बार मंत्री पद संभालेंगे।