LOADING...
पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया

पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया

लेखन आबिद खान
Apr 26, 2026
03:48 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बोंगांव में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का घमंड टूट चुका है। उन्होंने कहा, "वोटिंग के पहले चरण में, पश्चिम बंगाल में मतदाताओं की जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली है। पहले चरण के साथ ही TMC का घमंड टूट गया है। आखिरी चरण यह पक्का कर देगा कि भाजपा ही सत्ता में आएगी।"

संबोधन

प्रधानमंत्री ने कहा- दीदी ने बंगाली मानुष को पलायन के लिए मजबूर किया

प्रधानमंत्री ने कहा, "TMC के गुंडे ऐसे व्यवहार करते हैं मानो वे सरकार हों। ममता बनर्जी 'मां, माटी, मानुष' के नारे के साथ सत्ता में आईं, लेकिन अब वे इसका इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि TMC अब घुसपैठियों और गिरोहों का समर्थन करती है। दीदी ने बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर किया है। TMC के बेलगाम 'जंगल राज' की सबसे बड़ी शिकार हमारी बहनें और हमारी बेटियां हैं।"

बयान

प्रधानमंत्री बोले- TMC ने कारखाने बंद कर दिए

प्रधानमंत्री ने कहा, "15 साल पहले हुगली नदी के आसपास का इलाका कभी मिलों और फैक्ट्रियों का बड़ा केंद्र हुआ करता था, लेकिन आज वहां ताले लगे होने की खबरें आती हैं। ब्रिटिश दौर की फैक्ट्रियां भी बंद हो रही हैं। आज सिर्फ एक ही फैक्ट्री और एक ही दुकान चल रही है- सिंडिकेट की कट-मनी और कमीशनखोरी की दुकान। ऐसी सरकार को जाना ही होगा, ऐसी सरकार को हटाना ही होगा।"

Advertisement

बड़ी बातें

प्रधानमंत्री के संबोधन की बड़ी बातें

बंगाल की महिलाओं के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता इस बात से दिखती है कि पार्टी ने संदेशखाली पीड़िता की मां को टिकट दिया है। संदेशखाली में गुंडे हमारी बहनों के साथ अन्याय करते रहे, जबकि निर्दयी TMC उनका समर्थन करती रही। हम जूट किसानों की चिंताएं समझते हैं, इसलिए केंद्र सरकार ने 11 वर्षों में जूट का MSP दोगुना कर दिया। बंगाल को आपके हर वोट की जरूरत है, ताकि हम TMC के घोटालों, गुंडों और हिंसा से आजादी दिलाएंगे।

Advertisement

मतदान

बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर रिकॉर्ड मतदान हुआ था। पहले चरण में 91 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य की 292 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 147 है। चुनावी नतीजे 4 मई को आएंगे।

Advertisement