Page Loader
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा का राजनीति में उतरने का ऐलान, इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा लड़ेंगे आंध्र प्रदेश से चुनाव

फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा का राजनीति में उतरने का ऐलान, इस सीट से लड़ेंगे चुनाव

लेखन गजेंद्र
Mar 14, 2024
06:24 pm

क्या है खबर?

शूल, सत्या और रंगीला जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा अब राजनीति में उतरने जा रहे हैं। उन्होंने खुद इसकी घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की। उन्होंने लिखा, 'अचानक निर्णय... मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं पीथापुरम से चुनाव लड़ रहा हूं।' वे आंध्र प्रदेश में किस पार्टी की ओर से उतरेंगे, इसका खुलासा नहीं किया। वर्मा के चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद उनके प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी।

चुनाव

पवन कल्याण भी पीथापुरम से मैदान में उतरेंगे

वर्मा से पहले जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने गुरुवार को एक सार्वजनिक बैठक में घोषणा की थी कि वह पीथमपुरा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कल्याण ने यह घोषणा आंध्र प्रदेश में भाजपा और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के साथ सीट बंटवारे को लेकर हुए समझौते के बाद की थी। अभी आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी YSR कांग्रेस और कांग्रेस ने इस सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

मुकाबला

आंध्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव होंगे एक साथ

आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी होंगे। ऐसे में वर्मा किस चुनाव में भाग लेंगे, इसका खुलासा नहीं हुआ। पीथापुरम विधानसभा सीट काकीनाड़ जिले में आती है और वर्मा के विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है। बता दें, आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं। इनमें TDP 17, भाजपा 6 और जन सेना 2 सीटों पर लड़ेगी, जबकि विधानसभा की कुल 175 सीटों में जन सेना 21, TDP 144 और भाजपा 10 सीटों पर लड़ेगी।