Page Loader
देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन कर पूछा हाल, मुख्यमंत्री के नाम पर असमंजस बरकरार
देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन का पूछा हाल

देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन कर पूछा हाल, मुख्यमंत्री के नाम पर असमंजस बरकरार

Dec 02, 2024
03:09 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी असमंजस बरकरार है। इस बीच उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बता दें कि शनिवार को शिंदे की अपने गृहनगर सतारा में तबीयत बिगड़ गई थी। उसके बाद वह आज सुबह ही मुंबई लौटे हैं। हालांकि, डॉक्टरों के उन्हें आराम करने की सलाह देने के बाद उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं।

हालात

मुख्यमंत्री के चेहरे पर बना हुआ है असमंजस

महाराष्ट्र चुनाव परिणाम आने के 10 दिन बाद भी नई सरकार का गठन नहीं हो सका है। महायुती गठबंधन नए मुख्यमंत्री पर फैसला नहीं कर पाया है। भाजपा नेता सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाने की बात कह रहे हैं तो शिंदे गुट एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहा है। सभी को उम्मीद थी कि शिंदे के सतारा से लौटने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन अब उनकी तबीयत बिगड़ गई।

फैसला

भाजपा करेगी मुख्यमंत्री पर फैसला

शिंदे ने रविवार को ठाणे लौटने पर कहा था कि महाराष्ट्र चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा नए मुख्यमंत्री पर फैसला करेगी। उन्होंने सरकार गठन को लेकर गठबंधन में किसी भी मतभेद से इनकार करते हुए अपना पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया था। इस बीच, रविवार देर रात भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया था कि फडणवीस ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे और पार्टी की बैठक में इसकी घोषणा की जाएगी।

जानकारी

भाजपा ने की पर्यवेक्षकों की घोषणा

भाजपा ने महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ऐसे में अब जल्द ही विधायक दल की बैठक आयोजित होगी और उसमें महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।