
AAP का दावा- केजरीवाल को घर में नजरबंद किया गया; पुलिस ने किया आरोपों का खंडन
क्या है खबर?
आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके घर में नजरबंद कर दिया है।
पार्टी ने ट्विटर पर लिखा कि सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मिलकर आने के बाद दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को उनके घर में नजरबंद कर दिया है। किसी को उनके घर से बाहर आने या अंदर जाने की इजाजत नहीं है।
इसे लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की है।
जानकारी
घर के आगे बैरिकेडिंग की गई- सूत्र
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केजरीवाल के घर के आगे बैरिकेडिंग की गई है, जिससे उनके घर से बाहर आना या अंदर जाना मुश्किल हो गया है। इसके चलते केजरीवाल की आज की सारी बैठकें रद्द हो गई हैं।
पार्टी के सूत्रों ने आरोप लगाया है कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली के मेयरों को मुख्यमंत्री केजरीवाल के घर के आगे धरने पर बैठने को कहा है। धरने का हवाला देकर पुलिस ने उनके घर के आगे बैरिकेडिंग कर दी है।
बयान
किसान आंदोलन के कारण केंद्र सरकार घबराई- भारद्वाज
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि किसान आंदोलनों के कारण केंद्र सरकार घबराई हुई है। केंद्र सरकार ने किसानों को स्टेडियमों में अस्थायी जेल बनाकर बंद करने की योजना बनाई थी, लेकिन दिल्ली सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी।
उन्होंने आगे कहा कि सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मुलाकात के बाद से दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय के आदेश पर केजरीवाल को उनके घर में नजरबंद कर दिया है। उनसे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा।
आरोप
दिल्ली पुलिस ने की AAP विधायकों की पिटाई- भारद्वाज
अग्रवाल ने पुलिस पर AAP विधायकों को पीटने का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि जब पार्टी के विधायक केजरीवाल से मिलने उनके घर गए तो पुलिस ने उनकी पिटाई की और उन्हें उठाकर सड़क पर फेंका गया।
अग्रवाल ने आगे कहा कि भाजपा के नेताओं को उनके दरवाजे पर बैठाकर उनकी आवभगत की जा रही है। सरकार को डर है कि अगर केजरीवाल किसानों के साथ खड़े होते हैं तो केंद्र सरकार का झूठ सामने आ जाएगा।
ट्विटर पोस्ट
AAP ने जारी किया विधायकों से बदसलूकी का वीडियो
AAP MLA @akhilesht84 was not allowed to meet CM @ArvindKejriwal who's under house arrest.
— AAP (@AamAadmiParty) December 8, 2020
MLA Akhilesh Tripathi was manhandled by police. #BJPHouseArrestsKejriwal #आज_भारत_बंद_है
pic.twitter.com/r7IC23vo0B pic.twitter.com/RsnwXF0pga
प्रतिक्रिया
दिल्ली पुलिस ने आरोपों का खंडन किया
वहीं पुलिस की तरफ से कहा गया है कि AAP और दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प को रोकने के लिए सामान्य तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री को नजरबंद नहीं किया गया है।
उत्तरी दिल्ली के DCP ने ट्विटर पर केजरीवाल के घर की तस्वीर शेयर करते हुए जानकारी दी कि मुख्यमंत्री को उनके घर में नजरबंद करने का आरोप गलत है। मुख्यमंत्री कानून के दायरे में कहीं भी घूम सकते हैं।
जानकारी
कल किसानों से मिलने सिंघु बॉर्डर गए थे केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को अपने पूरे मंत्रीमंडल के साथ सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों से मिलने गए ते। इस दौरान उन्होंने वहां पर दिल्ली सरकार द्वारा किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि किसानों की सभी मांगें जायज है। दिल्ली सरकार और उनकी पार्टी इस संघर्ष में किसानों के साथ खड़ी है। केंद्र सरकार को जल्द से जल्द किसानों की मांगें मान लेनी चाहिए।