अरविंद केजरीवाल को हटाना होगा कोर्ट में जज के साथ बहस का वीडियो
क्या है खबर?
दिल्ली हाई कोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाले मामले में खुद कोर्ट में पेश होकर न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा से बहस की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई है। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को बहस की अनधिकृत वीडियो रिकॉर्डिंग हटाने का निर्देश दिया है। होई कोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि अदालत की कार्यवाही की अनधिकृत रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं है।
सुनवाई
अदालती कार्यवाही की वीडियो प्रसारित करना प्रतिबंधित
हाई कोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन सुनवाई संबंधी नियमों में अदालती कार्यवाही की रिकॉर्डिंग और वीडियो प्रकाशित करना प्रतिबंधित है। अधिकारी ने आगे कहा कि ऐसे वीडियो रिकॉर्ड करके ऑनलाइन डालने वाले सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि कोर्ट ने पहली भी ऐसे कदम उठाए हैं और केजरीवाल का वीडियो उन वीडियो में से एक है जिनका हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया है।
मामला
क्या है वीडियो का मामला?
आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल 13 अप्रैल को हाई कोर्ट के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए थे और शराब नीति मामले में न्यायमूर्ति शर्मा को हटाने की मांग वाली अपनी याचिका पर बहस की थी। इस दौरान केजरीवाल ने कहा था कि न्यायमूर्ति शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के भारतीय अधिवक्ता परिषद के कार्यक्रम में 4 बार शामिल हो चुकी हैं, ऐसे में उन्हें आशंका है कि क्या उन्हें न्याय मिलेगा? यह वीडियो काफी शेयर किया गया था।