LOADING...
रामलीला में परशुराम बने मनोज तिवारी ने किया "विदेशी घुसपैठियों" का जिक्र, लक्ष्मण को बताया "आतंकी"

रामलीला में परशुराम बने मनोज तिवारी ने किया "विदेशी घुसपैठियों" का जिक्र, लक्ष्मण को बताया "आतंकी"

Oct 04, 2019
01:26 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस (NRC) लागू करने का मुद्दा रामलीला में भी घुस गया है। मॉडल टाउन की नव श्री मानव धर्म रामलीला कमेटी की रामलीला में भगवान परशुराम का किरदार निभा रहे भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रमुख मनोज तिवारी ने अपने संवाद में "विदेशी घुसपैठियों" का जिक्र किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब दिल्ली से पाप का अंत करने का समय आ गया है।

संवाद

परशुराम बने तिवारी ने पूछा- विदेशी घुसपैठिएं हैं क्या?

भगवान श्रीराम द्वारा भगवान शिव का धुनष तोड़ने के दृश्य में परशुराम बने मनोज तिवारी राजा जनक से पूछते हैं, "जनक यह कितने विशिष्ट अलग-अलग देशों के राजा यहां हैं। इतनी भारी भीड़ है यह सब कहां से आए हैं? यह कोई विदेशी घुसपैठिए हैं या तुमने बुलाया है?" वह यहीं नहीं रुके और लक्ष्मण-परशुराम के संवाद में लक्ष्मण को आतंकी बताते हुए अपने फरसे से वध की बात कही।

केजरीवाल पर निशाना

"दिल्ली में पाप का अंत करने का समय आ गया है"

रामलीला के दौरान केजरीवाल पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा, "दिल्ली में भी पाप का अंत करने का समय आ गया है। लोगों को ठगा गया है। राजा कभी भेदभाव नहीं करता, लेकिन यहां के राजा का बयान सुनकर किसी भी व्यक्ति में परशुराम का अवतार आ जाएगा।" उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली के लोगों ने काफी पाप झेल लिया। अब पाप का अंत होगा। भाजपा की सरकार बनेगी और लोगों को सुशासन मिलेगा।"

Advertisement

बयान

तिवारी ने कहा- बनारसी हो या बिहारी, कोई NRC नहीं

केजरीवाल के एक बयान पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा, "मसला चाहे बनारसी का हो या फिर बिहार का, कोई भी यहां पर NRC नहीं।" उन्होंने कहा कि जिस तरह आतंकवाद का अंतर हो रहा है, वैसे ही पाप का अंत करूंगा।

Advertisement

बयान

तिवारी बोले, रामलीला के निर्देशक से ली थी संवाद में बदलाव की इजाजत

रामलीला के संवादों में बदलाव करते हुए घुसपैठियों और आतंकियों को जिक्र करने के सवाल पर मनोज तिवारी ने NDTV को बताया कि उन्होंने रामलीला के निर्देशक से इसकी इजाजत ली थी। उन्होंने कहा, "मूल बात यह है कि जो देश के लोग हैं उनको देश के किसी भी कोने से बेदखल नहीं किया जा सकता। लेकिन जो अवैध घुसपैठिए हैं, उन लोगों को तो हम चिन्हित करके ही रहेंगे। ऐसा हमारा सिद्धांत है।"

सफाई

लक्ष्मण को आतंकी कहने पर दी सफाई

लक्ष्मण को आतंकी कह कर संबोधित करने के सवाल पर तिवारी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने आतंकी शब्द का प्रयोग उन राजाओं के लिए किया जो अत्याचार करते थे। उन्होंने कहा, "जिस समय की रामायण है, उस समय क्षत्रिय जाति नहीं होती थी बल्कि श्रेणी होती थी। परशुराम जी ने क्षत्रियों को नहीं मारा बल्कि उन राजाओं को मारा जो राक्षसी प्रवृत्ति में लिप्त थे, अत्याचार करते थे।"

प्रतिक्रिया

AAP की प्रतिक्रिया, धर्म को अपनी ओछी राजनीति से दूर रखे भाजपा

वहीं दिल्ली में भाजपा की सबसे बड़ी विरोधी आम आदमी पार्टी (AAP) ने मनोज तिवारी पर निशाना साधा है। राज्यसभा से AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "भाजपा को धर्म को अपनी ओछी राजनीति से अलग रखना चाहिए।" NRC के सवाल पर उन्होंने कहा, "असम में जाकर पता कीजिए लाखों यूपी-बिहार से गए लोग जो वर्षों से वहां रहकर अपना जीवन चला रहे थे, NRC के तहत अपने ही देश में उनको विदेशी घोषित कर दिया गया।"

दिल्ली में NRC

लगातार दिल्ली में NRC लागू करने की मांग कर रहे हैं मनोज तिवारी

बता दें कि मनोज तिवारी पिछले काफी समय से लगातार दिल्ली में NRC लागू करने की मांग उठा रहे हैं। पिछले दिनों केजरीवाल ने उनकी इस मांग पर कहा था कि अगर दिल्ली में NRC लागू हुआ तो मनोज तिवारी को सबसे पहले दिल्ली छोड़नी पड़ेगी। केजरीवाल के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तिवारी ने इसे दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल और अन्य राज्यों के लोगों का अपमान बताया था।

Advertisement