Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारी, पूर्व सांसदों को उतार सकती है पार्टी
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्व सांसदों को दे सकती है टिकट

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारी, पूर्व सांसदों को उतार सकती है पार्टी

लेखन गजेंद्र
Dec 10, 2024
11:14 am

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी प्रमुख पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस जहां दिल्ली न्याय यात्रा निकाल रही है, वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी। भाजपा दोनों पार्टियों को चुनाव में टक्कर देने के लिए अलग तैयारी कर रही है। वह पूर्व सांसदों को मैदान में उतारने की योजना बना रही है। साथ ही उसका लक्ष्य राजधानी में महिला मतदाताओं को आकर्षित करने पर भी होगा।

चुनाव

किन पूर्व सांसदों पर दांव लगा सकती है भाजपा?

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने दिल्ली में सिर्फ मनोज तिवारी को छोड़कर 6 सीटों पर सभी सांसदों को बदल दिए थे और उनकी जगह नए उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। भाजपा ने हर्षवर्धन, गौतम गंभीर, मीनाक्षी लेखी, हंसराज हंस, रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा को लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट नहीं दिया था। संभावना है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा को भाजपा मैदान में उतरने के लिए कह सकती है।

रणनीति

भाजपा की क्या है रणनीति?

इंडिया टुडे के मुताबिक, भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेता ने बताया कि वह चुनाव में महिला से जुड़े मुद्दों पर फोकस करेगी और उनके लिए 2 से अधिक आकर्षक योजनाओं की घोषणा कर सकती है। इसके अलावा भाजपा अरविंद केजरीवाल पर फोकस न करके AAP पार्टी की सरकार को निशाना बनाएगी, खासकर जल संकट, यमुना नदी, प्रदूषण जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। भाजपा शीशमहल मुद्दे को भी नहीं छोड़ना चाहती है, जिससे केजरीवाल की आम आदमी छवि को नुकसान पहुंचेगा।

जानकारी

23 फरवरी, 2025 को समाप्त हो रहा है कार्यकाल

दिल्ली में AAP के नेतृत्व में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी, 2025 को समाप्त होगा। यहां 1998 से भाजपा सत्ता से बाहर है। केजरीवाल पिछले 10 साल से कुर्सी पर जमे हैं। उनसे पहले कांग्रेस की शीला दीक्षित 15 साल तक काबिज रहीं थीं।