कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक भारत आएंगे, 6 जून को शिक्षा मंत्री के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 6 जून को भारत लौट रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि हम सभी भारत के संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्वक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाएं।"
बयान
दीपके ने युवाओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की
दीपके ने कहा, "मैंने फैसला किया है कि मैं 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचूंगा। कृपया हवाई अड्डे पर मुझसे मिलें और हम साथ मिलकर संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे। मैं भारत के युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे जंतर-मंतर पर हो रहे इस शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन में शामिल हों और सरकार से जवाबदेही मांगने के अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करें।"
इस्तीफा
दीपके बोले- शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना होगा
दीपके ने कहा, "आज NEET के 22 लाख, CBSE के 17 लाख, CUET के 16 लाख और SSC GD के 14 लाख समेत एक करोड़ से ज्यादा छात्र हैं, जिनकी जिंदगी के साथ मजाक किया गया है। इससे छात्र भविष्य को लेकर परेशान है। इतने बड़े घोटाले के बाद भी अगर शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो मतलब देश में अकाउंटेबिलिटी बची ही नहीं है। देश में कितनी भी गलतियां कर सकते हैं, लेकिन कोई जवाबदेही ही नहीं है।"