छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के घर पर गोलीबारी; बड़े बेटे की मौत, दूसरा घायल
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार देर रात 3 बंदूकधारियों का आतंक दिखा। उन्होंने कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप (55) के घर में घुसकर गोलाबारी कर दी, जिसमें उनके एक 19 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा घायल हो गया। वारदात को रात साढ़े 12 बजे बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में अंजाम दिया गया है। सम्मेलाल कांग्रेस की ब्लॉक इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं और सीमेंट और रेत की आपूर्ति का व्यवसाय करते हैं।
गोलीबारी
एक बाइक पर सवार होकर आए थे हमलावर
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, देर रात 3 लोग एक बाइक पर सवार होकर आए और जबरन सम्मेलाल के घर में घुस गए। उन्होंने पहले घर में लोगों से मोबाइल और पैसे मांगे, फिर विरोध करने पर बेटे आयुष कश्यप (19) को सीने में 2 गोलियां मारी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद छोटे बेटे आशुतोष (16) के हाथ में गोली मारी और फरार हो गए। आशुतोष की हालत खतरे से बाहर है। इलाके में दहशत है।
जांच
रेत माफिया का आतंक
जांजगीर-चंपा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई है और नाकाबंदी कर दी गई है। सभी मार्गों पर लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के जांजगीर चंपा विधायक व्यास कश्यप ने बताया कि लूटपाट का मामला नहीं है, बल्कि व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता का मामला है। उन्होंने बताया कि यह काम रेत माफिया ने किया है, जो कश्यप को धमकाते थे।