छत्तीसगढ़: ब्राह्मणों के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता गिरफ्तार
क्या है खबर?
ब्राह्मणों के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर के एक न्यायालय पेश किया, जहां से उन्हें 15 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री बघेल ने भी अपने पिता की टिप्पणी को गलत बताते हुए मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।
प्रकरण
मुख्यमंत्री के पिता ने ब्राह्मणों के खिलाफ दिया था विवादित बयान
बता दें कि लखनऊ में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री बघेल के पिता नंद कुमार ने कथित तौर पर कहा था कि ब्राह्मण विदेशी हैं और वह यहां रहने योग्य नहीं है।
उन्होंने कहा था, "मैं भारत के सभी गांव वालों से आग्रह करता हूं कि ब्राह्मणों को अपने गांवों में प्रवेश न करने दें। मैं हर अन्य समुदाय से बात करूंगा ताकि हम उनका बहिष्कार करें।"
इस विवादित बयान को लेकर ब्राह्मणों में रोष फैल गया था।
विरोध
मुख्यमंत्री के पिता के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की थी FIR
नंद कुमार के इस विवादित बयान को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग उनके विरोध में उतर आए थे। ब्राह्मण समाज की तरफ से रायपुर के डीडी नगर थाने में उनके खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया था। उसके बाद से ही यह मामले चर्चा में बना हुआ था।
पुलिस ने मामले में आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री के पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बयान
मुख्यमंत्री ने दिया था विधिसम्मत कार्रवाई की आश्वासन
मुख्यमंत्री बघेल ने अपने पिता के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद कहा था कि कांग्रेस सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 वर्ष के पिता ही क्यों न हों। पुलिस द्वारा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। देश में कानून सबसे ऊंचा है।
उन्होंने कहा था कि इस बयान से समाज के एक वर्ग की भावनाओं को चोट पहुंची है और निजी तौर पर उन्हें भी टिप्पणी से काफी ठेस पहुंची है।
सुनवाई
21 सितंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
नंद कुमार बघेल के वकील गजेंद्र सोनकर ने कहा कि पुलिस ने उन्हें रायपुर की एक कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें 15 दिन के न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय कारागार भेज दिया है। कोर्ट ने 21 सितंबर को सुनवाई की अगली तारीख दी गई है।
उन्होंने कहा कि अब जमानत के लिए याचिका दायर की जाएगी। बता दें कि इस मामले में नंद कुमार की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री बघेल के वादे की प्रशंसा हो रही है।