Page Loader
ब्लड कैंसर से जूझ रहीं चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर, मुंबई में चल रहा इलाज

ब्लड कैंसर से जूझ रहीं चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर, मुंबई में चल रहा इलाज

Apr 01, 2021
10:54 am

क्या है खबर?

चंडीगढ़ से भाजपा की सांसद किरण खेर ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं और उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। चंडीगढ़ भाजपा प्रमुख अरुण सूद ने बुधवार को एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेर मल्टीपल मायलोमा से जूझ रही हैं जो एक तरह का ब्लड कैंसर होता है। उन्होंने कहा कि अब वह खतरे से बाहर हैं, लेकिन उन्हें हफ्ते में एक बार अस्पताल जाना होता है।

बयान

नवंबर में मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित पाई गई थीं खेर

खेर के कई महीने से चंडीगढ़ से गायब होने के कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए बुलाई गई विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूद ने कहा, "पिछले साल 11 नवंबर को उनके चंडीगढ़ स्थित घर पर किरण खेर का हाथ टूट गया था। चंडीगढ़ PGIMER में मेडिकल टेस्ट के बाद उन्हें मल्टीपल मायलोमा से ग्रसित पाया गया। बीमारी उनके बाएं हाथ और सीधे कंधे तक फैल गई थी। इलाज के लिए उन्हें 4 दिसंबर को मुंबई जाना पड़ा।"

बेहतर स्थिति

हाथ और कंधे से दूर हुई बीमारी- सूद

सूद ने कहा, "ताजा टेस्ट में खेर के हाथ और कंधे से बीमारी दूर हो गई है। चार महीने के इलाज के बाद वह ठीक हो रही हैं और अब मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती नहीं हैं, लेकिन उन्हें हफ्ते में एक दिन अस्पताल जाना पड़ता है।" उन्होंने कहा कि खेर की तबीयत अब बेहतर है और वह अगले तीन से चार महीने में चंडीगढ़ वापस आ सकती हैं।

राजनीति

खेर के चंडीगढ़ से "लापता" होने को बड़ा मुद्दा बना रही थी कांग्रेस

गौरतलब है कि कांग्रेस पिछले काफी समय से खेर के चंडीगढ़ में मौजूद न होने को एक बड़ा मुद्दा बना रही है और कोरोना वायरस महामारी के दौरान शहर में न रहने के लिए उनके और भाजपा के ऊपर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने शहर में स्थानीय सांसद के "लापता" होने और उनकी "तलाश" के पोस्टर भी चिपकाएं हैं। कांग्रेस के इन्हीं आरोपों का जवाब देने के लिए सूद ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

बचाव

पिछले साल दिसंबर तक शहर में थीं खेर- सूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेर की अनुपस्थिति का बचाव करते हुए सूद ने कहा, "वह पिछले साल दिसंबर तक शहर में थीं। वह एक वरिष्ठ नागरिक और डायबिटिक हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई थी। केवल इलाज कराने के लिए ही वह शहर से बाहर निकलीं। अपनी बीमारी के बावजूद वह शहर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए लगातार मेरे संपर्क में रहीं।"

बयान

"कांग्रेस को बीमारी के बारे में पता, कर रही घटिया राजनीति"

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सूद ने कहा, "कांग्रेस नेता उनकी (खेर की) स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानते हैं, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार इसे एक मुद्दा बना रहे हैं। ये और कुछ नहीं बल्कि घटिया राजनीति है।"