पश्चिम एशिया तनाव को लेकर केंद्र की सर्वदलीय बैठक, राहुल गांधी समेत कई सांसदों का किनारा
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उपजे संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिससे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने किनारा कर लिया है। संसद भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी शामिल हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल में कार्यक्रम के कारण बैठक में नहीं आए।
बैठक
विपक्ष का कौन-कौन नेता हुआ शामिल?
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बैठक का विरोध किया है। उन्होंने मांग की कि ब्रीफिंग के बजाय सदन में इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए। उनके साथ कई अन्य कांग्रेस सांसद भी बैठक में नहीं आए। हालांकि, तारिक अनवर बैठक पहुंचे हैं। समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने कहा कि पार्टी पश्चिम एशिया संघर्ष पर सरकार का रुख देखेगी। असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रशेखर आजाद, संजय राउत बैठक में शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद नहीं आए।
बैठक
मंत्रालयों के सचिव देंगे जानकारी
बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी उपस्थित हैं। इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री और पेट्रोलियम सचिव सभी राजनीतिक दलों को भारत की तैयारियों के बारे में जानकारी देंगे। बैठक में बीजू जनता दल से सस्मित पात्रा, जनता दल यूनाइटेड से राजीव रंजन सिंह, समाजवादी पार्टी से धर्मेंद्र यादव, कम्युनिस्ट पार्टी से जॉन ब्रिटास, कांग्रेस से मुकुल वासनिक शामिल हुए हैं।