विधानसभा चुनाव नतीजेः तीन राज्यों में बढ़त से कांग्रेस में जश्न, भाजपा को झटका

राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश केे रूझान कांग्रेस के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। चुनावों में मिल रही जीत को देखते हुए कांग्रेस पार्टी में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई जगहों पर पार्टी के समर्थक जश्न मना रहे हैं। वहीं तीनों राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए बुरी खबर है। रूझानों के अनुसार, पार्टी तीनों राज्यों में सत्ता गंवा रही हैं। हालांकि, पार्टी के नेताओं का कहना है कि उन्हें अंतिम नतीजों का इंतजार है।
राजस्थान में कांग्रेस ने वापसी करते हुए वसुंधरा राजे के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही भाजपा को कड़ी चुनौती दी है। 2013 में महज 21 सीट जीतने वाली कांग्रेस ने इन चुनावों में अपने प्रदर्शन में शानदार सुधार करते हुए 95 सीटों पर बढ़त बना रखी है। राज्य में अपनी वापसी से उत्साहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि यह जीत राहुल गांधी के लिए तोहफा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदार अशोक गहलोत ने रूझानों के बारे में बात करते हुए कहा कि अभी अंतिम नतीजों का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बहुमत मिलेगा, लेकिन अगर निर्दलीय विधायक और भाजपा के अलावा दूसरी पार्टियां उनके साथ आना चाहती हैं तो वे आ सकते हैं। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि इसका फैसला राहुल गांधी करेंगे।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। अंतिम नतीजे आने से पहले नेताओं की हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ राज्य कांग्रेस मुख्यालय पर समर्थकों से मिलते देखे गए। खबर लिखे जाने तक मध्यप्रदेश में भाजपा 106 और कांग्रेस 113 सीटों पर आगे चल रही है। यहां पर लगातार 15 सालों से काबिज भाजपा के हाथों से सत्ता जाती दिख रही है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंकाया है। रूझानों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 65 और भाजपा 15 सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि, अभी तक अंतिम नतीजे आने अभी बाकी है। रूझानों में कांग्रेस को बढ़त बनाते देख पार्टी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। इस जश्न में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश सिंह बघेल भी शामिल हुए। पार्टी ने बुधवार को अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।
Chhattisgarh Congress President Bhupesh Baghel and workers celebrate in Raipur. #AssemblyElectionResults2018 pic.twitter.com/lJ7bY3ajui
— ANI (@ANI) December 11, 2018