LOADING...
उपचुनाव: पांच राज्यों की एक लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी
एक लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की वोटिंग जारी

उपचुनाव: पांच राज्यों की एक लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी

Dec 05, 2022
11:43 am

क्या है खबर?

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के साथ आज पांच राज्यों की एक लोकसभा सीट और छह विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। इनमें उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीट और बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की एक-एक विधानसभा सीट शामिल हैं। उपचुनाव के नतीजे हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

उपचुनाव

मुलायम के निधन से खाली हुई मैनपुरी सीट से डिंपल यादव मैदान में

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच है। सपा ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे रघुराज सिंह शाक्य को अपना उमीदवार बनाया है।

उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट पर भी वोटिंग जारी

उत्तर प्रदेश की रामपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की वोटिंग हो रही है। यहां भी मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच है। सपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के करीबी आसिम रजा को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं भाजपा ने आकाश सक्सेना को टिकट दिया है। भड़काऊ भाषण देने का दोषी पाए जाने के कारण आजम खान की विधानसभा सदस्यता को हाल ही में रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद यह सीट खाली हुई है।

Advertisement

उपचुनाव

अन्य किन-किन विधानसभा सीटों पर हो रहा उपचुनाव?

उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट पर भी वोटिंग जारी है। 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगों में दोषी पाए जाने के बाद भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी की सदस्यता छिन गई थी जिसके चलते यह उपचुनाव हो रहा है। ओडिशा की पादमपुर विधानसभा सीट, राजस्थान की सरदारशहर सीट, बिहार की कुरहानी सीट और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर सीट के लिए भी उपचुनाव हो रहा है।

Advertisement

नतीजे

8 दिसंबर को आएंगे सभी सीटों के नतीजे

इन सभी उपचुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। हिमाचल की 68 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को वोटिंग हुई थी। गुजरात में 1 दिसंबर को पहले चरण में 89 सीटों पर वोटिंग हुई थी, वहीं आज दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। दोनों राज्यों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है।

Advertisement