चोर या डकैत, जिसे भी चुनावी मैदान में उतारे पार्टी उसका समर्थन करें- भाजपा सांसद
क्या है खबर?
झारखंड के गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने ऐसा बयान दिया है जो विवाद का केंद्र बन सकता है।
बुधवार को दुबे ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने हुए कहा कि आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव में वो हर भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करें भले ही वह चोर, डकैत या कोई शरारती व्यक्ति हो।
झारखंड मे नवंबर-दिसंबर में चुनाव होने हैं और दिवाली के बाद कभी भी चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है।
बयान
दुबे बोले, पार्टी नेतृत्व के फैसले पर भरोसा रखें
देवघर के जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद दुबे ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा, "मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि भाजपा जिसे भी मैदान में उतारती है, चाहें वो अपाहिज हो, चोर हो, डकैत हो या फिर एक शरारती व्यक्ति हो, हम उस उम्मीदवार का समर्थन करें। हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुबर दास के फैसले पर भरोसा रखना चाहिए।"
सफाई
सफाई में दुबे ने कहा, बुरे उम्मीदवारों को नहीं उतारती भाजपा
बयान पर विवाद होने पर दुबे ने अपनी सफाई में कहा कि वह इसके जरिए ये बताना चाहते थे कि पार्टी नेतृत्व जिसे भी चुनता है, पार्टी कार्यकर्ताओं को उसका समर्थन करना चाहिए क्योंकि भाजपा कभी बुरे उम्मीदवारों को नहीं उतारती।
उन्होंने कहा, "मैंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर उन्हें व्यक्तिगत तौर पर ये लगता है कि उम्मीदवार अपाहिज या अपराधी है, फिर भी उनका समर्थन करना उनका धर्म है क्योंकि पार्टी नेतृत्व हमेशा अच्छे लोगों को चुनता है।"
प्रतिक्रिया
हेमंत सोरेन बोले, चुनाव को लेकर डरी हुई है भाजपा
बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड विधानसभा में नेता विपक्ष और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि दुबे का बयान आगामी विधानसभा को लेकर भाजपा के डर को दिखाता है।
एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने कहा, "ये भाजपा सांसद की असभ्य और असंसदीय सोच को दर्शाता है। वो खुद को दूसरा चाणक्य कहते हैं कि लेकिन उनका बयान चुनाव को लेकर भाजपा के डर और निराशा को दिखा रहा है।"
बयान
नौकरियों की कमी, महंगाई, भ्रष्टाचार असली मुद्दे- सोरेन
सोरेन ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "राज्य में असली मुद्दे नौकरियों की कमी, महंगाई, भ्रष्टाचार और स्कूल और कॉलेजों का बंद होना है, लेकिन भाजपा चोर और डकैतों को मैदान में उतारकर उन्हें हमारे घरों को और लूटने का निमंत्रण देना चाहती है।"
विधानसभा चुनाव
झारखंड में अच्छे प्रदर्शन पर भाजपा की नजरें
हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन आशाओं के अनुरूप न रहने के बाद पार्टी की नजरें झारखंड पर हैं।
राज्य में अच्छा प्रदर्शन करके भाजपा ये स्पष्ट संदेश देना चाहेगी कि उसके जनाधार में कोई कमी नहीं आई है।
2014 में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 81 में से 43 सीटों पर कब्जा जमाया था। JMM को 19 और कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं थीं।
जानकारी
हत्या और भ्रष्टाचार के आरोपी भाजपा में शामिल
भाजपा पूरे दमखम से चुनाव की तैयारियों में लगी हुई है और अन्य पार्टियों के नेताओं का भाजपा में शामिल होना जारी है। इनमें एक हत्या का आरोपी और एक भ्रष्टाचार में फंसा पूर्व मंत्री भी शामिल हैं।